सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मवेशियों के गले में बांधी रेडियम पट्टी

यातायात पुलिस ने जीवरत्नम फाउंडेशन के सहयोग से चलाया विशेष अभियान

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और रात्रि के समय सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा 24 अगस्त को विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में यह अभियान जीवरत्नम फाउंडेशन के सदस्यों के सहयोग से संचालित किया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क पर विचरण कर रहे मवेशियों को सुरक्षित रूप से सड़क किनारे किया। इसके साथ ही मवेशियों के गले में रेडियम पट्टियां बांधी गईं। वाहन की हेडलाइट पड़ने पर रेडियम पट्टी चमकती है, जिससे अंधेरे में सड़क पर मौजूद मवेशी वाहन चालकों को दूर से दिखाई दे सकेंगे। इससे वाहन चालक समय रहते गति नियंत्रित कर दुर्घटना की संभावना को कम कर सकेंगे।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से रात्रि में विशेष सावधानी बरतने तथा सड़क पर मवेशी दिखाई देने पर वाहन की गति कम कर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। वहीं पशुपालकों से मवेशियों को खुले में न छोड़ने और उन्हें सड़कों पर आने से रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का आग्रह किया गया। यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जनहितकारी एवं सड़क सुरक्षा संबंधी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

error: Content is protected !!