हादसा नहीं था मौत का राज, पत्नी ने ही रची थी पति की हत्या की साजिश

अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, पत्नी सहित दो आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। पुलिस चौकी चिचोला ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पत्नी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। हत्या के बाद घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया था। पुलिस के मुताबिक ग्राम रामपुर निवासी ओमप्रकाश साहू ने चौकी चिचोला में सूचना दी थी कि उसका भाई प्रेमलाल साहू ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के बाजू एनएच-53 के किनारे एक गड्ढे में घायल अवस्था में पड़ा है। उसके मुंह, नाक और माथे पर चोट के निशान थे तथा खून बह रहा था। मृतक के पास एक बड़ा मुरुम पत्थर पड़ा था, जिस पर खून के निशान मिले। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल, सउनि वीरेंद्र नाविक एवं पुलिस टीम ने घटना के सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से जांच की। गवाहों, परिजनों तथा मोबाइल सीडीआर और लोकेशन की जांच के आधार पर पुलिस को दो लोगों पर संदेह हुआ। पुलिस ने ग्राम पटपर निवासी नरबद साहू (40) और मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू (27) से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने प्रेमलाल के सिर पर पत्थर मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!