जिला चिकित्सालय के पास चला निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान

नाले के ऊपर रखे चार ठेले समेत सात ठेले हटाए

राजनांदगांव। बारिश के दौरान पानी की सुचारू निकासी और शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में निगम के अतिक्रमण दस्ते ने बसंतपुर मेन रोड एवं जिला चिकित्सालय से साहू समाज भवन जाने वाले मार्ग के पास से अनधिकृत रूप से रखे ठेलों को हटाया। जिला चिकित्सालय बसंतपुर मेन रोड पर नाले के ऊपर अतिक्रमण कर चार ठेले रखे गए थे। इनके कारण नाले की सफाई और पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। वहीं जिला चिकित्सालय से साहू समाज भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर तीन बंद ठेले अनधिकृत रूप से रखे होने के कारण आवागमन बाधित होने के साथ गंदगी भी फैल रही थी।

नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ते ने मानव गैंग और जेसीबी की मदद से सभी सात ठेलों को हटाने की कार्रवाई की। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आयुक्त श्री मरकाम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि शहर के चौक-चौराहों और सड़कों पर पसरा, ठेला-खोमचा अथवा अन्य सामग्री रखकर यातायात बाधित न करें। सड़क एवं नाले पर अतिक्रमण करने से जहां जल निकासी प्रभावित होती है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सड़क पर मलबा या निर्माण सामग्री रखने से गंदगी फैलती है। निगम की कार्रवाई से पहले संबंधित लोग स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा बिना पूर्व सूचना के अतिक्रमण हटाकर जुर्माना भी वसूला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!