बसंतपुर पुलिस की घेराबंदी में पकड़ाया आरोपी, धारदार चाकू जब्त
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। शहर में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बसंतपुर पुलिस ने आम स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार जिले में अपराध, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 3 सितंबर को थाना बसंतपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नंदई चौक स्थित आम स्थान पर एक युवक धारदार चाकू लहराकर नागरिकों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी रितेश यादव उर्फ लारो यादव (21), पिता शिव यादव, निवासी नंदई दुकाला चौक, थाना बसंतपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज: जानकारी के मुताबिक आरोपी आदतन आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके विरुद्ध थाना बसंतपुर में पूर्व में हत्या, चोरी एवं आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं।

