रायपुर। तात्यापारा स्थित बैंक आफ इंडिया में खाते में जमा करने के लिए दिए गए 4.40 लाख रुपये के अकाउंट पेयी चेक की चोरी कर कूटरचना किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने फर्जी हस्ताक्षर और फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर SBI की संतोषीनगर शाखा से चेक की पूरी रकम नकद निकाल ली।
शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों बैंकों से मिले सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को संदिग्धों की गतिविधियां भी दिखाई दी हैं।
संपत्ति के सौदे के बाद बैंक में जमा किया था चेक
पुलिस के अनुसार तात्यापारा निवासी आनंद कुसरे ने अपनी संपत्ति बेचने का सौदा किया था। इसकी रजिस्ट्री 16 जुलाई को तय थी। सौदे के तहत खरीदार ने 14 जुलाई की तारीख वाला 4.40 लाख रुपये का अकाउंट पेयी चेक आनंद कुसरे के नाम जारी किया था। आनंद ने यह चेक 15 जुलाई को बैंक आफ इंडिया की तात्यापारा शाखा में अपने खाते में जमा करने के लिए दिया था।
खाते में रकम नहीं आई तो सामने आया मामला
16 जुलाई को आनंद बैंक पहुंचे और चेक के संबंध में जानकारी ली। उस समय तक रकम उनके खाते में जमा नहीं हुई थी। अगले दिन बैंक कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि चेक गुम हो गया है। बैंक के पास फिलहाल चेक जमा करने की पर्ची उपलब्ध थी।
इसके बाद 20 जुलाई को बैंक से आनंद को जानकारी मिली कि उनके नाम जारी चेक की 4.40 लाख रुपये की रकम एसबीआइ की संतोषीनगर शाखा से किसी अज्ञात व्यक्ति ने नकद निकाल ली है।
फर्जी हस्ताक्षर और आधार से निकाली रकम
जानकारी मिलने के बाद आनंद SBI की संतोषीनगर शाखा पहुंचे और शाखा प्रबंधक से संपर्क किया। वहां उन्हें बताया गया कि उनके नाम का चेक प्रस्तुत कर नकद रकम निकाली गई थी। बैंक से उन्हें चेक की आगे और पीछे की फोटो तथा रकम निकालने वाले व्यक्ति के पहचान संबंधी दस्तावेज की जानकारी मिली।
शिकायतकर्ता के अनुसार चेक के पीछे उनके नाम का फर्जी हस्ताक्षर किया गया था। रकम निकालने वाले व्यक्ति ने चेक पर अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज किया था। जांच में यह भी सामने आया कि आनंद कुसरे के नाम का आधार कार्ड लगाया गया था, लेकिन उसमें किसी दूसरे व्यक्ति का फोटो था। आधार नंबर और पते की जानकारी भी आनंद के वास्तविक दस्तावेज से अलग पाई गई।
पुलिस ने चेक और संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां जांच में शामिल कर ली हैं। दोनों बैंकों के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

