आयुक्त ने जांच के लिए गठित किया विशेष दल, नियमित निरीक्षण के निर्देश
राजनांदगांव। आगामी गणेश पर्व को देखते हुए नगर निगम ने प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के निर्माण और विक्रय पर रोक के पालन के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने प्रतिमा निर्माण एवं विक्रय स्थलों की जांच के लिए अधिकारियों का विशेष दल गठित किया है।
गठित दल में प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम को प्रभारी बनाया गया है। राजस्व अधिकारी मोबिन अली और प्रभारी सहायक अभियंता गरिमा वर्मा सदस्य तथा प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा को सदस्य सचिव बनाया गया है। आयुक्त मरकाम ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुसार पीओपी से निर्मित मूर्तियों पर प्रतिबंध है। इसके तहत गठित दल नगर निगम क्षेत्र में स्थित गणेश प्रतिमा निर्माण एवं विक्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण करेगा। प्रतिबंधित सामग्री से मूर्ति का निर्माण या विक्रय पाए जाने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पीओपी पानी में आसानी से घुलता नहीं है, जिससे नदी और तालाबों के जल के साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए गणेश प्रतिमाओं का निर्माण मिट्टी से करने की अपील की गई है।
आयुक्त ने गत माह भी गणेश प्रतिमा निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर मूर्तिकारों को किसी भी आकार की प्रतिमा में पीओपी का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए थे। गठित दल ने निर्माण एवं विक्रय स्थलों का निरीक्षण कर मूर्तिकारों को प्रतिबंध के संबंध में समझाइश दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पीओपी की प्रतिमा का निर्माण और विक्रय दोनों प्रतिबंधित हैं तथा उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। टीम द्वारा लगातार निरीक्षण कर इसकी रिपोर्ट निगम प्रशासन को प्रस्तुत की जाएगी।

