ट्रम्प का बड़ा दावा: 250% टैरिफ की धमकी से रुकी भारत-पाकिस्तान की जंग, भारत ने नकारा था मध्यस्थता का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने के लिए दोनों देशों को 250% टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी। फ्लोरिडा में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका के साथ कारोबार बंद होने के डर से दोनों देशों ने गोलीबारी रोक दी।

ट्रम्प बोले- दोनों देशों को दी थी चेतावनी

ट्रम्प के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु हथियार संपन्न देश हैं। उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों को साफ कह दिया गया था कि यदि लड़ाई जारी रही, तो अमेरिका उनके सामान पर भारी टैरिफ लगाएगा। ट्रम्प ने यह भी कहा कि संघर्ष के दौरान 11 विमान गिराए गए थे और इसे रुकवाना उनके लिए सम्मान की बात है।

भारत ने खारिज किया मध्यस्थता का दावा

भारत लगातार ट्रम्प के उस दावे को खारिज करता रहा है कि अमेरिका ने सीजफायर कराने में मध्यस्थता की थी। भारत के अनुसार, सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) के संपर्क करने और कार्रवाई रोकने का अनुरोध करने के बाद बनी थी। भारत ने ट्रम्प के 11 विमान गिराए जाने संबंधी दावे पर भी सवाल उठाए हैं।

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारत के मुताबिक, 10 मई को पाकिस्तान की ओर से सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किए जाने के बाद संघर्षविराम पर सहमति बनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!