धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गौवंश के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 4 मवेशियों को बरामद किया है, जिन्हें पिकअप वाहन में ठूस-ठूंसकर भरा गया था। साथ ही तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

मामला सिहावा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने नगरी-सिहावा मुख्य मार्ग पर देवपुर चौक के पास घेराबंदी की और संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक CG-05 AU-4503 को रोककर जांच की।
4 मवेशी के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान वाहन में 4 गौवंश मवेशी क्रूरतापूर्वक ले जाते हुए पाए गए। पुलिस ने सभी मवेशियों को मुक्त कराया और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तानसिंह साहू, भोजराम यादव और करणसिंह यादव शामिल हैं।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
मामले में सिहावा थाने में अपराध क्रमांक 71/26 दर्ज कर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और 11 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब अवैध पशु परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

