थार से रास्ता रोककर 4.08 लाख की लूट, पुलिस ने चारों बदमाशों को दबोचा

डीआई योद्धा, दो मोबाइल और 3200 रुपये समेत 4.08 लाख का  माल बरामद

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। घुमका थाना क्षेत्र में चारपहिया वाहन को बीच सड़क रोककर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने घटना के करीब 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई डीआई योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और 3200 रुपये नकद सहित कुल 4 लाख 8 हजार 200 रुपये का शत-प्रतिशत माल बरामद किया है। वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा थार वाहन, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है, समेत अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर को प्रार्थी संजय साहू निवासी बसंतपुर ने थाना घुमका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम डुमरडीहखुर्द-देवडोंगर चौक के पास मुख्य मार्ग पर सामने से आई काले रंग की थार में सवार आरोपियों ने उसका डीआई योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और 3200 रुपये नकद लूट लिए और फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज और डीएसपी क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना घुमका एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। प्राप्त सुरागों के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनमोल चंदेल (29), खिलेश्वर साहू उर्फ बादल साहू (29), जे. गौतम राव (24) और लक्ष्मण शिवप्रसाद सोनबोइर (20) के रूप में हुई है। चारों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!