कंट्रोल रूम से मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, घटना 15 सितंबर 2026 की रात करीब 9:16 बजे की है। डायल 112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र के एक गांव में एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण बाज-2 की डायल 112 ईआरवी टीम बिना देरी किए घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने देखा कि महिला की हालत गंभीर थी। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित वाहन में बैठाया और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भाटापारा लेकर पहुंची। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार शुरू किया। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने के कारण महिला की हालत में सुधार आया और उसकी जान बच गई।
पति की मौत के बाद थी मानसिक रूप से परेशान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के निधन के बाद गहरे सदमे और वियोग में थी। इसी दुख के चलते उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालांकि घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी संबंधित स्तर पर जुटाई जा रही है। पुलिस ने समय रहते महिला को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
पुलिस जवानों की सजगता की सराहना
इस जीवनरक्षक कार्रवाई में डायल 112 भाटापारा ग्रामीण बाज-2 टीम के आरक्षक क्रमांक 608 रूपेश बघेल और चालक मनमोहन दास चेलक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने सूचना मिलते ही तेजी दिखाई और बिना समय गंवाए महिला को अस्पताल पहुंचाया। उनकी सतर्कता और तत्परता के कारण एक अमूल्य जीवन बचाया जा सका।

