सूरजपुर। कल्याणपुर गांव में कुएं से 21 वर्षीय युवक का शव मिलने की घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया। मृतक के पैर में करीब दस किलो वजनी पत्थर बोरी में बांधा हुआ मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने खुदकुशी करने के इरादे से यह कदम उठाया। इससे पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था, लेकिन दोनों बार मौत को मात दे गया था। इस बार उसने पूरी तैयारी के साथ कुएं में छलांग लगाई, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना शनिवार रात की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी सुमेर सिंह फूलसाय सिंह गोंड़ (21) टाइल्स मिस्त्री के साथ मजदूरी करता था। शनिवार रात करीब आठ बजे वह बिश्रामपुर क्षेत्र से काम कर वापस गांव पहुंचा। शराब सेवन करने के बाद रात करीब 11 बजे वह घर आया। उसने अपनी मां से टार्च मांगा और टावेल लेकर करीब एक किलोमीटर दूर खेत में बने अपने नए घर की ओर नहाने के लिए चला गया।
इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। रविवार को स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत में बने नए घर की बाड़ी स्थित कुएं में उसका शव मिला। शव को बाहर निकाला गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। उसके पैर में बोरी के भीतर करीब दस किलो वजनी पत्थर बंधा हुआ था। इससे प्रथमदृष्टया यह सामने आया कि उसने कुएं में डूबकर जान देने के लिए अपने पैर में वजन बांधा था।
तीसरी बार के प्रयास में गई जान
मर्ग जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पूर्व के व्यवहार और आत्महत्या के प्रयासों की भी जानकारी मिली। करीब चार माह पहले उसने पेड़ की डंगाल में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन डंगाल टूट जाने से उसकी जान बच गई। इसके बाद उसने घर की बाड़ी में पानी से लबालब भरे कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। तैरना आने के कारण वह उस समय भी सुरक्षित बाहर निकल आया था।
मां के बयान से खुला आत्महत्या का राज
मर्ग जांच कर रहे उप निरीक्षक एसआर भगत के अनुसार मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि घटना की रात सुमेर ने उससे टॉर्च मांगी थी। वह टॉर्च और टॉवेल के साथ घर में रखी बोरी व झोला भी लेकर नए घर की ओर गया था। पुलिस के अनुसार झोले में करीब दस किलो वजनी पत्थर भरकर उसे बोरी में रखा गया और पैर से बांधकर वह कुएं में कूद गया। पुलिस मर्ग जांच के आधार पर घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

