ट्रक चालक से लूट की कोशिश, चाकू दिखाकर धमकाया; चार आरोपी गिरफ्तार

सूचना के 5 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस, 3 घंटे में फरार आरोपियों को दबोचा

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। शहर के मोहारा ओवरब्रिज के नीचे ट्रक चालक को रोककर रुपए की मांग करने, मारपीट और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों और एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार 18 सितंबर की रात करीब 8 बजे सूचना मिली कि मोहारा ओवरब्रिज के नीचे चार युवक एक ट्रक को रोककर चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। आरोपी उससे रुपए की मांग करने के साथ चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस करीब पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और एक आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। इस दौरान तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।प्रार्थी अजीत कुमार, निवासी टाटीबंध रायपुर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर धारा 296, 115(2), 351(2), 119 एवं 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई।

तीन घंटे में फरार आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए  थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी। पुलिस ने घटना के महज तीन घंटे के भीतर फरार दोनों आरोपियों सहित एक अन्य आरोपी और विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अफजल आलम (22), निवासी बैगापारा अटल आवास, दिलीप साहू (29), निवासी बाबा होटल के पीछे चिखली तथा डेविड कुमार (33), निवासी बैंगापारा शामिल हैं। इनके साथ एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!