
ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में दिखा उत्साह
छुईखदान(दैनिक पहुना)। परविडीह, राजनांदगांव भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) की 40वीं वाहिनी द्वारा सेवा, सुरक्षा और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। वाहिनी के कमाण्डेंट तेजभान सिंह के कुशल दिशा-निर्देशन एवं सहायक कमाण्डेंट अजय सिंह की उपस्थिति में ‘स’ समवाय, परविडीह में सेवा संकल्प अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन परविडीह स्थित कंपनी ऑपरेटिंग बेस में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ की सरपंच श्रीमती संतोबाई, परविडीह और जंगलटोला गांव के स्कूली बच्चों, बड़ी संख्या में ग्रामवासी तथा ‘स’ समवाय के अधिकारी एवं जवान शामिल हुए।
1000 दीपों से जगमगाया ITBP कैम्प
अभियान का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब सहायक कमाण्डेंट श्री अजय सिंह के नेतृत्व में जवानों, बच्चों और ग्रामीणों ने एक साथ मिलकर ITBP कैम्प परिसर में 1000 से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए। दीपों की रोशनी में पूरा कैम्प “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा। यह दृश्य सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच अटूट विश्वास और एकता का प्रतीक बन गया।
इस अवसर पर अजय सिंह ने कहा कि ITBP सिर्फ सीमा की सुरक्षा ही नहीं करती, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के जीवन में उजाला लाना भी हमारा संकल्प है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों में देशभक्ति, शिक्षा और स्वावलंबन की भावना को जागृत करना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और जलपान
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। ITBP द्वारा बच्चों और ग्रामीणों के लिए सूक्ष्म जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। बच्चों के चेहरे पर खुशी और ग्रामीणों में जवानों के प्रति सम्मान साफ देखा जा सकता था। अंत में सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना की और भारत माता की जय के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

