राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। सिटी कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बच्ची को शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को पीड़ित बच्ची के परिजन ने थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री 14 अगस्त की शाम करीब 5 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने आसपास एवं संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 438/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाबालिग की तलाश शुरू की। पुलिस ने 17 अगस्त को उसे बरामद कर पूछताछ की। पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि अचानक नगर, गौरी नगर निवासी मनोज बड़ोले (27) ने उसे शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ भगाया और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

