लेजर प्रिंटर, कंप्यूटर, मोबाइल, लेबल और होलोग्राम स्टीकर सहित लाखों की सामग्री जब्त
राजनांदगांव/डोंगरगढ़ (दैनिक पहुना)। डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, री-बॉटलिंग और नकली लेबल-होलोग्राम तैयार कर शराब को वैध ब्रांड के रूप में खपाने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान करीब 3 हजार जम्मू व्हिस्की शराब के लेबल और इतने ही होलोग्राम स्टीकर तैयार कराने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के बीच हुए यूपीआई लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशरी नंदन नायक और डीएसपी साइबर/क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना डोंगरगढ़, पुलिस चौकी मोहारा तथा साइबर/क्राइम टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए तेजेश्वर साहू (26), निवासी विचारपुर, देवव्रत वर्मा (20), निवासी मोहारा तथा आनंद अग्रवाल (47), निवासी जयस्तंभ चौक डोंगरगढ़ को गिरफ्तार किया है।
प्रिंटिंग दुकान से लेजर प्रिंटर सहित सामग्री जब्त
जांच में सामने आया कि देवव्रत वर्मा ने फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी के कहने पर ग्राम मोहारा स्थित डायमंड कलेक्शन की प्रिंटिंग दुकान पर जम्मू व्हिस्की के नकली लेबल और होलोग्राम तैयार करवाए थे। दुकान संचालक तेजेश्वर साहू की दुकान से जम्मू व्हिस्की का प्रिंटेड लेबल, होलोग्राम स्टीकर वाला पेपर, कंप्यूटर, मॉनिटर, CPU, की-बोर्ड, माउस, कोनिका मिनोल्टा लेजर प्रिंटर और मोबाइल फोन जब्त किया गया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है। देवव्रत के कब्जे से मोबाइल, होलोग्राम स्टीकर और जम्मू व्हिस्की का लेबल भी बरामद हुआ है।
2100 खाली बोतलें भी मिलीं
पुलिस ने आरोपी आनंद अग्रवाल के कब्जे से 180 एमएल क्षमता की 2100 प्लास्टिक बोतलें बरामद की हैं। इन पर छत्तीसगढ़ राज्य में बिक्री, CSMCL और CGFL संबंधी अंक अंकित हैं। साथ ही मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
इस मामले की पूर्व कार्रवाई में दउवा वर्मा और नन्द किशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी को गिरफ्तार किया जा चुका है। ग्राम मोहारा स्थित बोरघर से 497 नग 180 एमएल पौवा शराब, कुल 89.46 बल्क लीटर, होलोग्राम स्टीकर, शराब के लेबल, खाली बोतलें, प्लास्टिक व मेटल ढक्कन सहित अन्य पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई थी। पुलिस के अनुसार अब तक कुल करीब 2 लाख 42 हजार 462 रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है।
दो आरोपी फरार
आबकारी विभाग के परीक्षण में जब्त शराब प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं पुनः बॉटलिंग की गई पाई गई है, जबकि लेबल, स्टीकर और पैकेजिंग सामग्री संदिग्ध बताई गई है। सामग्री का एफएसएल और संबंधित निर्माण इकाइयों से सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी और राजा भाटिया की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल, UPI लेन-देन, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। शराब के निर्माण, लेबलिंग, पैकेजिंग, परिवहन और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। नेटवर्क में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


