फेस्टिव सीजन में लैपटॉप खरीदने से पहले जानें इंटेल, एएमडी और स्नैपड्रैगन में कौन-सा प्रोसेसर है आपके लिए बेस्ट?

टेक डेस्क। फेस्टिव सीजन में लैपटॉप खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो अब बाजार में इंटेल, एएमडी के साथ स्नैपड्रैगन प्रोसेसर वाले लैपटॉप भी मौजूद है। अगर ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं, तो अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर फेस्टिव सेल के दौरान अलग-अलग ब्रांड के लैपटॉप पर डिस्काउंट, बैंक ऑफर और एक्सचेंज डील का लाभ भी उठा सकते हैं। मगर नया लैपटॉप चुनते समय सिर्फ कीमत या ब्रांड पर ध्यान देना काफी नहीं है। लैपटॉप का प्रोसेसर भी इसकी परफार्मेंस, बैटरी लाइफ, गेमिंग क्षमता और सॉफ्टवेयर कंपैटिबिलिटी को प्रभावित करता है। बता दें कि पहले लैपटॉप खरीदने वालों के सामने मुख्य रूप से इंटेल और एएमडी के बीच चुनाव करना होता था। मगर अब क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन प्रोसेसर भी विंडोज लैपटॉप में एक विकल्प बन कर उभरे हैं। ये प्रोसेसर खास तौर पर बैटरी लाइफ, पोर्टेबिलिटी और AI फीचर्स पर फोकस करते हैं। वहीं इंटेल और एएमडी के पास आफिस वर्क से लेकर गेमिंग और कंटेंट क्रिएशन तक के लिए कई तरह के प्रोसेसर मौजूद हैं।

इंटेल लैपटॉप

इंटेल लंबे समय से विंडोज लैपटॉप मार्केट में एक जाना-पहचाना नाम है। कंपनी के प्रोसेसर पतले और हल्के लैपटॉप से लेकर गेमिंग और हाई-परफार्मेंस मशीनों तक में उपयोग होते हैं। इंटेल कोर और कोर अल्ट्रा सीरीज के अलग-अलग प्रोसेसर भिन्न कीमत और परफार्मेंस कैटेगरी में उपलब्ध हैं। अगर आप आफिस का काम, ऑनलाइन क्लास, वेब ब्राउजिंग, वीडियो काल, माइक्रोसाफ्ट आफिर और प्रेजेंटेशन के लिए लैपटॉप खरीदना चाहते हैं, तो इंटेल प्रोसेसर वाले कई मॉडल देख सकते हैं। वहीं, ज्यादा परफार्मेंस वाले लैपटॉप में इंटेल के शक्तिशाली प्रोसेसर और डेडिकेटेड जीपीयू का कॉम्बिनेशन भी मिल सकता है।

इंटेल लैपटॉप का एक बड़ा फायदा सॉफ्टवेयर कंपैटिबिलिटी है। बता दें कि इंटेल के पारंपरिक प्रोसेसर एक्स86 आर्किटेक्चर पर आधारित होते हैं, जिसका उपयोग विंडोज कंप्यूटर में लंबे समय से हो रहा है। इसलिए पुराने और प्रोफेशनल सॉफ्टवेयर का उपयोग करने वाले यूजर्स के लिए यह एक व्यावहारिक विकल्प हो सकता है। हालांकि हर इंटेल लैपटॉप की परफार्मेंस एक जैसी नहीं होती है। खरीदारी के दौरान प्रोसेसर मॉडल, रैम, एसएसडी, कूलिंग सिस्टम और ग्राफिक्स कार्ड की जानकारी जरूर चेक कर लें।

एएमडी लैपटॉप

एएमडी के रायजेन प्रोसेसर वाले लैपटॉप उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकते हैं, जो अच्छी परफार्मेंस चाहते हैं। एएमडी के लैपटॉप बजट से लेकर प्रीमियम कैटेगरी तक में उपलब्ध हैं। इसलिए अलग-अलग जरूरत और बजट के हिसाब से रायजेन प्रोसेसर वाले मॉडल देखे जा सकते हैं। एएमडी के कुछ प्रोसेसर में इंटीग्रेटेड रेडियन ग्राफिक्स मिलते हैं, जो सामान्य ग्राफिक्स वर्क, हल्की गेमिंग और रोजमर्रा के कामों के लिए उपयोगी हो सकते हैं। अगर आप ज्यादा डिमांडिंग गेम खेलना चाहते हैं या वीडियो एडिटिंग जैसे काम करते हैं, तो डेडिकेटेड जीपीयू वाले एएमडी लैपटॉप के बारे में सोच सकते हैं। एएमडी की रायजेन AI सीरीज में AI से जुड़े कामों के लिए एनपीयू भी मिलता है। हालांकि AI फीचर्स का वास्तविक फायदा उपयोग किए जाने वाले सॉफ्टवेयर और लैपटॉप के पूरे हार्डवेयर पर निर्भर करता है। गेमिंग के लिए एएमडी लैपटॉप चुनते समय सिर्फ रायजेन प्रोसेसर ही न देखें, बल्कि जीपीयू मॉडल, वीरैम, कूलिंग सिस्टम, स्क्रीन रिफ्रेश रेट और रैम भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।

स्नैपड्रैगन लैपटॉप

स्नैपड्रैगन प्रोसेसर वाले विंडोज लैपटॉप पारंपरिक इंटेल और एएमडी लैपटॉप से अलग आर्म आर्किटेक्चर पर आधारित होते हैं। क्वालकॉम की स्नैपड्रैगन एक्स सीरीज को खास तौर पर एफिशिएंसी, बैटरी लाइफ और पतले-हल्के लैपटॉप को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अगर आपका काम ज्यादातर वेब ब्राउजिंग, डाक्यूमेंट तैयार करने, ईमेल, वीडियो कॉल, ऑनलाइन मीटिंग और स्ट्रीमिंग तक सीमित है, तो ये लैपटॉप आपके लिए उपयोगी हो सकते हैं। जो लोग अक्सर यात्रा करते हैं और लंबे समय तक चार्जर से दूर रहना चाहते हैं, वे भी इन लैपटॉप के बारे में सोच सकते हैं। स्नैपड्रैन प्रोसेसर में AI कामों के लिए एनपीयू मिलता है। इससे ऐसे एप्स में फायदा हो सकता है जो डिवाइस पर AI प्रोसेसिंग को सपोर्ट करते हैं। हालांकि किसी फीचर का फायदा सॉफ्टवेयर सपोर्ट और लैपटॉप के मॉडल पर निर्भर करता है। स्नैपड्रैगन लैपटॉप खरीदने से पहले सॉफ्टवेयर कंपैटिबिलिटी जरूर चेक करें। विंडोज 11 आन आर्म, एक्स 86 और एक्स64 एप्स को इम्यूलेशन के जरिए चला सकता है, लेकिन नेटिव आर्म वर्जन उपलब्ध होने पर परफार्मेंस और बैटरी एफिशिएंसी बेहतर हो सकती है। अगर आप पुराने प्रोफेशनल सॉफ्टवेयर, खास प्लगइन या किसी विशेष ड्राइवर का उपयोग करते हैं, तो खरीदने से पहले उसका सपोर्ट जांचना जरूरी है।

कौन-सा लैपटॉप खरीदें?

अगर आपका मुख्य उद्देश्य गेमिंग है, तो प्रोसेसर के ब्रांड से ज्यादा ध्यान जीपीयू पर दें। गेमिंग परफार्मेंस में डेडिकेटेड ग्राफिक्स कार्ड की बड़ी भूमिका होती है। इसके अलावा, प्रोसेसर, कूलिंग सिस्टम, रैम और डिस्प्ले भी गेमिंग अनुभव को प्रभावित करते हैं। इंटेल और एएमडी प्रोसेसर वाले लैपटॉप में डेडिकेटेड एनविडिया या एएमडी जीपीयू के साथ ज्यादा तरह के गेमिंग मॉडल मिल सकते हैं। ऐसे लैपटॉप हाई-एंड गेमिंग और लंबे गेमिंग सेशन के लिए उपयोगी हो सकते हैं। वहीं स्नैपड्रैगन लैपटॉप सामान्य गेमिंग, क्लाउड गेमिंग और रोजमर्रा के कामों के लिए ज्यादा उपयुक्त हो सकते हैं, लेकिन गेम खरीदने से पहले गेम और जरूरी एप्स की आर्म कंपैटिबिलिटी जरूर चेक कर लें।

कॉलेज स्टूडेंट और ऑफिस यूजर के लिए तीनों प्लेटफार्म डेली टास्क को संभाल सकते हैं। वेब ब्राउजिंग, ऑनलाइन क्लास, माइक्रोसॉफ्ट आफिस, प्रेजेंटेशन, वीडियो काल और मनोरंजन जैसे कामों के लिए इंटेल, एएमडी और स्नैपड्रैगन वाले लैपटॉप देखे जा सकते हैं। अगर बैटरी बैकअप आपकी प्राथमिकता है, तो स्नैपड्रैगन मॉडल विकल्प हो सकते हैं। वहीं, अगर आपको कई तरह के पुराने सॉफ्टवेयर चलाने हैं या आप सॉफ्टवेयर कंपैटिबिलिटी को लेकर ज्यादा जोखिम नहीं लेना चाहते है, तो फिर इंटेल या एएमडी लैपटॉप देखना उपयोगी हो सकता है।

वीडियो एडिटिंग, फोटो एडिटिंग और थ्रीडी डिजाइन जैसे कामों के लिए लैपटॉप चुनते समय सीपीयू के साथ जीपीयू, रैम और स्टोरेज पर भी ध्यान देना चाहिए। हाई-रिजाल्यूशन वीडियो या भारी थ्रीडी प्रोजेक्ट पर काम करने वालों को ज्यादा पावरफुल हार्डवेयर की जरूरत हो सकती है। इंटेल और एएमडी के पास डेडिकेटेड जीपीयू वाले परफार्मेंस-सेंट्रिक लैपटॉप के विकल्प मौजूद हैं। वहीं स्नैपड्रैगन वाले लैपटॉप की बात करें, तो ये हल्के क्रिएटिव कामों के लिए उपयोगी हो सकते हैं, खासकर जब आपके उपोयग किए जाने वाले सॉफ्टवेयर का नेटिव आर्म वर्जन मौजूद हो।

कुल मिलाकर देखें, तो इंटेल, एएमडी और स्नैपड्रैगन में से किसी एक को हर यूजर के लिए सबसे सही नहीं कहा जा सकता है। आपका चुनाव आपके उपयोग पर निर्भर करता है। साथ ही, इस फेस्टिव सेल में लैपटॉप खरीदने से पहले सिर्फ प्रोसेसर का नाम या डिस्काउंट न देखें। अपने काम, बजट, बैटरी की जरूरत, गेमिंग और सॉफ्टवेयर कंपैटिबिलिटी के आधार पर पूरी कॉन्फिगरेशन की तुलना करें। इससे आपको ऐसा लैपटॉप चुनने में मदद मिलेगी जो लंबे समय तक आपके काम आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!