सड़कों की मरम्मत, प्रकाश, पार्किंग व यातायात व्यवस्था समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले क्वांर नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने बुधवार को छिरपानी परिसर में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक ली। उन्होंने श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारू यातायात के लिए सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त राठौर ने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की संख्या अधिक होने की संभावना है। ऐसे में पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, यातायात और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को पहले से बेहतर बनाया जाए। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, मंदिर ट्रस्ट, स्थानीय निकाय, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से समन्वय के साथ काम करने की अपील की।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि मेले को लेकर सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पंडाल, पार्किंग और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र सहित अन्य दिशाओं से आने वाले पदयात्रियों के मार्गों पर भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट को रोप-वे का फिटनेस प्रमाण-पत्र तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपात स्थिति में आवश्यकता पड़ने पर रात में भी रोप-वे संचालन की व्यवस्था रखने को कहा गया।
कलेक्टर ने मेले के दौरान दुकानों में विद्युत एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही व्यापारियों और नागरिकों से डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसडीएम और डीएसपी को मंदिर ट्रस्ट व जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया।
रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा, रेलवे पुल के नीचे जलभराव की समस्या तथा कलश यात्रा के लिए रेलवे से आवश्यक सहयोग के संबंध में भी अधिकारियों को समन्वय करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर प्राथमिक उपचार और पैदल यात्रियों के लिए आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
बैठक में विधायक हर्षिता बघेल, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम अक्षय दोषी, पुलिस अधिकारी तथा मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिल गट्टानी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

