चिखली पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, पिस्टल व मैग्जिन बरामद
राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। चिखली क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश कर रहे चार आरोपियों को चिखली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और मैग्जिन बरामद की गई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि बड़ा तालाब पार, रमन बाजार चिखली में एक युवक पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर धनुष साहू उर्फ गोलू (19) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग की पिस्टल और मैग्जिन बरामद हुई।
पूछताछ में धनुष ने पुलिस को बताया कि उसके साथी शेख शहबाज उर्फ शिब्बू (28), जफर मोमीन (20) और ऐश्वर्य झा उर्फ राम (19) भी पिस्टल लेकर क्षेत्र में लोगों को डराते-धमकाते थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर लोगों में भय पैदा करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद चारों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि शेख शहबाज के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में कई अपराध दर्ज हैं। वहीं जफर मोमीन, ऐश्वर्य झा और धनुष साहू के खिलाफ भी पूर्व में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं अन्य प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

