बच्चों के बीच हो रही थी हाथापाई, छुड़ाने पहुंचे बुजुर्ग की नीचे गिरते ही मौत, जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक पारिवारिक विवाद के बीच बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बच्चों के बीच हो रही हाथापाई को छुड़ाने पहुंचे बुजुर्ग अचानक नीचे गिर गए, जिसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला चांपा थाना क्षेत्र के उच्चभट्ठी गांव का है।

भतीजा घर पहुंचकर कर रहा था विवाद

जानकारी के मुताबिक, राजकिरण यादव अपने चाचा लोचन प्रसाद यादव के घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बीच राजकिरण यादव और लोचन प्रसाद यादव के बच्चों के बीच भी हाथापाई शुरू हो गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की अचानक मौत

बच्चों को आपस में लड़ता देख लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान वह बातचीत करते-करते अचानक नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राजकिरण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बुजुर्ग की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!