जमीन विवाद के दौरान बुजुर्ग की मौत, बीच-बचाव करने पहुंचा था मृतक, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के उच्चभट्ठी गांव में जमीन विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में चांपा पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी राजकिरण यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने बताया कि आरोपी राजकिरण यादव अपने बड़े पिता के घर पहुंचा था। यहां वह रमेश कुमार से जमीन विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। इस दौरान आरोपी ने रमेश को जान से मारने की धमकी दी और ब्लेड से उस पर हमला कर दिया।

विवाद बढ़ता देख रमेश यादव के पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान राजकिरण यादव ने लोचन प्रसाद को धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच के बाद आरोपी राजकिरण यादव के खिलाफ धारा 105, 296, 351(3) और 333 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी राजकिरण यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!