दंतेवाड़ा। जिले में चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों के एक डंप का पता चला है। यहां से AK-47, INSAS राइफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार, बम और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
एसपी चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, बरामद सामान में एक AK-47 राइफल, मैगजीन और 23 राउंड गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा एक INSAS राइफल और उसकी मैगजीन भी मिली है। सुरक्षा बलों ने मौके से 6 भरमार बंदूकें और एक BGL लॉन्चर भी बरामद किया है।

डंप से BGL के 9 शेल और 5 अन्य BGL राउंड भी मिले हैं। इसके अलावा 315 बोर के 138 राउंड बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों और गोलियों के बाद सुरक्षा बल डंप में मौजूद अन्य सामान की भी जांच कर रहे हैं।
कुकर और टिफिन बम भी मिले

नक्सली डंप में विस्फोटक सामग्री भी बड़ी मात्रा में मिली है। सुरक्षा बलों को 8 कुकर बम और 4 टिफिन बम मिले हैं। इसके साथ ही करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर और पिस्टन रॉड स्प्रिंग के 24 नग भी बरामद किए गए हैं।

सर्चिंग के दौरान वॉकी-टॉकी सेट, तीर बम, दो इन्वर्टर, एक मल्टीमीटर और नक्सली वर्दी के दो जोड़ी भी मिली हैं। बरामद सामान को सुरक्षा मानकों के मुताबिक कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर हुई कार्रवाई

एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, पुरदुम, तोड़मा और कोकाबेड़ा के पहाड़ी इलाकों में बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाया गया था। डंप की सटीक सूचना मिलने के बाद CRPF और DRG की संयुक्त टीम ने सर्चिंग तेज की, जिसके बाद यह बरामदगी हुई।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय DRG और CRPF के जवानों की मेहनत के साथ मजबूत इंटेलिजेंस और इंफॉर्मेशन गैदरिंग नेटवर्क को दिया है। पुलिस को दूसरे इलाकों में भी नक्सली डंप की सूचनाएं मिल रही हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।
फिलहाल बरामद नक्सली सामग्री को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है। सुरक्षा बल पूरे इलाके में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन कर रहे हैं।

