रायपुर: शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम नवा रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच टी 20 मैच खेला जाएगा. 16 अक्टूबर से तीन मैचों की यह श्रंखला शुरू होगी. 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को होने वाली भारत बनाम ज़िम्बाब्वे महिला T20 मैच को लेकर भारतीय महिला टीम रायपुर पहुंची है. मिली जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट से भारतीय महिला टीम की खिलाड़ियों को होटल ले जाया गया है.
सोमवार से भारतीय महिला टीम स्टेडियम में प्रैक्टिस करेंगी. जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम का रायपुर में 13 अक्टूबर को आगमन होगा. उसके बाद 16 तारीख को पहला टी 20 मैच खेला जाएगा. मैच की शुरुआत शाम 7 बजे से होगी. छत्तीसगढ़ में महिला T20 मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह है. इसे लेकर शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में तैयारी भी पूरी कर ली गई है. छत्तीसगढ़ क्रिकेट बोर्ड ने टिकटों की बिक्री से लेकर उसके दर को निर्धारित करने की प्रक्रिया और उसकी जानकारी पहले ही दे दी थी. इस बार क्रिकेट मैच के टिकटों की बिक्री ऑनलाइन होगी और ऑनलाइन टिकट के माध्यम से ही स्टेडियम में प्रवेश भी मिलेगा. 12 अक्टूबर से टिकट की बिक्री शुरू हो जाएगी.
मैच के शेड्यूल पर एक नजर
पहला T20 मैच
16 अक्टूबर 2026
शाम 7:00 बजे
दूसरा T20 मैच
18 अक्टूबर 2026
शाम 7:00 बजे
तीसरा T20 मैच
20 अक्टूबर 2026
शाम 7:00 बजे
मैच के टिकट को लेकर आयोजकों की तरफ से जानकारी 9 अक्तूबर को जारी कर दी गई थी. कई श्रेणियों में टिकट की घोषणा की गई है. टिकट की बिक्री 12 अक्तूबर शाम 4 बजे से ऑनलाइन शुरू होगी. आयोजकों ने यह भी बताया है कि क्यूआर कोड स्कैन कर स्टेडियम में एंट्री मिल सकेगी. फैंस अपने Ticketgenie ऐप पर डिजिटल टिकट प्राप्त कर सकते हैं. कोई ऑफ़लाइन टिकट की व्यवस्था नहीं की गई है. हर यूज़र ज़्यादा से ज़्यादा छह टिकट ही खरीद सकता है
लोअर स्टैंड (स्टैंड नंबर 2 से 9): ₹250
तीनों मैचों का सीरीज टिकट: ₹499
कॉम्बो टिकट (2 व्यक्ति, 1 मैच): ₹350
कॉम्बो टिकट (4 व्यक्ति, 1 मैच): ₹600
सिल्वर स्टैंड (चौथी मंजिल): ₹2,000
गोल्ड स्टैंड: ₹2,500
प्लैटिनम स्टैंड: ₹3,500
कॉर्पोरेट बॉक्स (सिंगल टिकट): ₹3,500
ट्रैफ़िक विभाग के साथ मिलकर, स्टेडियम के आस-पास कई पार्किंग ज़ोन तय किए गए हैं, जिन्हें पार्किंग A, B, C, D, E, F, G और H नाम दिया गया है. छत्तीसगढ़ क्रिकेट बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी में यह बातें कही गई है की सुरक्षा की दृष्टिकोण से सभी महत्वपूर्ण इंतजाम किए गए हैं. जिससे क्रिकेट देखने के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो.

