धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगरेल से लौट रहे लोगों से भरी एक पिकअप वाहन भटगांव रोड के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय पिकअप में 40 से अधिक लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में 25 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। गंगरेल से दर्शन कर लौटते समय भटगांव रोड के पास वाहन हादसे का शिकार हो गया। पिकअप पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में दो दर्जन से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं।
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया। घायलों में महिला, पुरुष और बच्चों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

