उधारी में सामान नहीं दिया तो महिला दुकानदार पर लाठी-डंडे से हमला, सिर-चेहरे में गंभीर चोट

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीनगर इलाके में उधारी में सामान देने से इंकार करने पर एक शराबी युवक ने महिला दुकानदार के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में महिला के सिर, होंठ, गाल, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। लहूलुहान हालत में महिला को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला दुकानदार ने जब उधार देने से साफ इंकार कर दिया, तो आरोपी शिवजी उग्र हो गया और अमानवीय तरीके से गालियां देने लगा। बात बढ़ने पर उसने लाठी-डंडे से महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के तुरंत बाद पीड़ित महिला के बेटे ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय ने बताया कि पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी शिवजी भंडारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे दबोच लिया है। घायल महिला का बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!