नई दिल्ली। अभिनेता आमिर खान के भांजे और ‘जाने तू या जाने ना’ ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ सहित कई फिल्मों में नजर आ चुके अभिनेता इमरान खान पर मुसीबत आ गई है। प्रोटेस्ट के बाद अब अभिनेता को मुंबई पुलिस की तरफ से एक नोटिस गया है, जिसमें उन्हें 28 अक्तूबर तक भारत छोड़ने के आदेश मिले हैं।
मुंबई पुलिस से क्यों मिला इमरान खान को नोटिस?
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ो नोटिस (LIN) जारी किया। नोटिस में उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। इमरान खान ने 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हुए प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया था। इस विरोध प्रर्दशन के दौरान पुलिस ने अभिनेता को हिरासत में भी लिया था। नोटिस के मुताबिक, इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं, इसके बावजूद उन्होंने इस प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया है, जिसके कारण मुंबई पुलिस की तरफ से उन्हें ये नोटिस भेजा गया है।

इमरान के पास कहां की है नागरिकता?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान खान के खिलाफ बीजेपी नेता किरिट सोमैया ने शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा है कि वह भारतीय नागरिक नहीं हैं, उनके पास अमेरिका (US) की सिटिजनशिप है। ऐसे में उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर हो रहे प्रोस्टेट में हिस्सा लेकर अधिनियम का उल्लंघन किया है। इमरान के खिलाफ गामदेवी पुलिस स्टेशन में विदेशी अधिनियम का उल्लंघन करने की शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस के मुताबिक, यह शिकायत FFRO (Foreigners Regional Registration Office) को भी भेजी गई है।
रिपोर्ट्स की मानें तो, इमरान के पास ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है। जिसका मतलब है कि विदेश में रहने वाले भारतीय मूल के नागरिकों को देश में रहने का आजीवन वीजा मिलता है, लेकिन न तो वह वोट कर सकते हैं और न ही चुनाव में खड़े हो सकते हैं। आर्टिकल 19 के तहत, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांति पूर्ण सभा सिर्फ यहां के नागरिक ही कर सकते हैं।

गर्लफ्रेंड संग प्रोटेस्ट में शामिल हुए थे इमरान खान
चीफ इलेक्शन कमिशनर ऑफ इंडिया ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रोटेस्ट में इमरान खान अकेले नहीं गए थे, बल्कि उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन और उनकी कजिन जैन मैरी खान भी उनके साथ मौजूद थीं, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया था।


