रायपुर. महिला क्रिकेट के इतिहास में आज एक न्याय अध्याय जुड़ने वाला है, जिसका गवाह राजधानी रायपुर का स्टेडियम होगा. 16 अक्टूबर को शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे के बीच ऐतिहासिक टी20 मैच खेला जाएगा. इतिहास में पहली बार जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम भारत दौरे पर पहुंची हैं. टीम इंडिया भी अपनी नई स्कीपर स्मृति मंधाना की कप्तानी में मैदान में उतरेगी.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम पहली बार जिम्बाब्वे से भिड़ेगी
यह पहला मौका होगा जब भारतीय महिला टीम अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में जिम्बाब्वे की टीम के साथ मैच खेलेगी. जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम पहली बार भारत आई है. इसलिए यह मैच खेल जगत के लिए इतिहास में दर्ज होने वाला है.
रायपुर की पिच रिपोर्ट
आम तौर पर शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम (SVNS) स्टेडियम की पिच की पिच शुरुआती ओवरों में अच्छा बाउंस और पेस प्रदान करती है, जिससे पावरप्ले के दौरान बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल सकते हैं. चूंकि महिला टी-20 क्रिकेट की बाउंड्री 55 से 64 मीटर की होती है, इस कारण पावरप्ले में खूब चौके-छक्के लगने की उम्मीद है.
रायपुर में पहली बार होगा अतंर्राराष्ट्रीय महिला मैच
हाल के सालों में रायपुर का कद राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है. शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में अंतराष्ट्रीय मुकाबलों के साथ यहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच भी हुए, जिसमें दर्शकों की खचाखच भीड़ पहुंची. लेकिन आज पहली बार महिला इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा.
दोनों टीमों की स्क्वॉड
भारत दौरे के लिए जिम्बाब्वे की महिला टीम: जोसेफिन नकोमो (कप्तान), बिलवेड बिजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, केलिस नधलोवु, मिशेल मावुंगा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिन्दर चारे, कुदजई चिगोरा, न्याशा ग्वानजुरा, नोमवेलो सिबांडा, लोरिन फिरी, चियेद्जा धुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिक्वा, तेंदई मकुशा, शारने मेयर्स.
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की T20 टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उप-कप्तान), निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, अनुष्का शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता, मिन्नू मणि.
भारत बनाम जिम्बाब्वे टी-20 सीरीज शेड्यूल
भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच इस तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के सभी मुकाबले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. सीरीज का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है:
पहला टी-20 मुकाबला: 16 अक्टूबर
दूसरा टी-20 मुकाबला: 18 अक्टूबर
तीसरा टी-20 मुकाबला: 20 अक्टूबर
कितने बजे होगा मुकाबला
नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आज का मुकबला होगा.
टॉस के बाद मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा.
कहां फ्री में देख सकेंगे मैच
अगर आप भी घर बैठे इस मैच का लुफ्त फ्री में उठाना चाहते हैं तो आपके पास दो विकल्प हैं. भारत और जिम्बाब्वे का पहला टी-20 मैच जियो हॉटस्टार एप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीम होगा. वहीं टेलीविजन पर दर्शक स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव मैच देख पाएंगे
महिलाओं के लिए स्टेडियम में फ्री एंट्री
सबसे खास बात यह है कि इस मुकाबले में महिलाओं के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा. प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुझाव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने महिला दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क कर दिया है, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं मैच में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर सकें.
भारतीय महिला क्रिकेट में नए दौर की शुरुआत
आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम के नए दौर की शुरू होने जा रही है. वर्ल्ड कप जिताने वाली हरमनप्रीत कौर के इस्तीफे के बाद फुल टाइम कप्तान के रूप में स्मृति मंधाना टीम इंडिया की कमान संभालेंगी. इस लिहाज से उनके लिए मैच रिजल्ट काफी अहम होगा. स्मृति मंधाना इससे पहले 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारतीय टीम की कप्तानी कर चुकी हैं, लेकिन उन्हें यह जिम्मेदारी नियमित कप्तान की अनुपस्थिति में ही मिली थी.
स्मृति मंधाना का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर करीब 13 साल का हो चुका है. साल 2013 में भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने वाली मंधाना अब तक तीनों फॉर्मेट में 300 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं. उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 788, वनडे में 5,411 और टी20 इंटरनेशनल में 4,538 रन दर्ज हैं. इस तरह वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 10,737 रन बना चुकी हैं. उनके खाते में 17 शतक और 75 अर्धशतक भी हैं.

