सात समंदर पार से आया दूल्हा! जांजगीर की क्रिस्टीना बनी नीदरलैंड के क्रिस्टीयान के दुुल्हन

जांजगीर-चांपा। गांव की गलियों से निकलकर सात समंदर पार तक पहुंचने वाली प्रेम कहानी अक्सर फिल्मों या उपन्यासों में पढ़ने को मिलती है, लेकिन छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में यह हकीकत बनकर सामने आई है। जिले के पामगढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले छोटे से गांव भुईगांव की एक बेटी ने यूरोप के नीदरलैंड से आए युवक को अपना जीवनसाथी चुना है। दो अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और हजारों किलोमीटर की भौगोलिक दूरियों से जुड़े इन युवाओं के विवाह ने अब स्थानीय स्तर पर लोगों का खूब ध्यान खींचा है।

जानकारी के मुताबिक, पामगढ़ तहसील के भुईगांव स्थित वार्ड क्रमांक 07, नालापारा की रहने वाली 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड निवासी 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एन्ड्रीयश वरबूम के साथ सात जन्मों तक साथ निभाने का फैसला किया है। क्रिस्टीना के पिता का नाम हनोक नथेनियल और माता का नाम सोनिया नथेनियल है, जबकि उनके जीवनसाथी बने क्रिस्टीयान के पिता का नाम विलेम डीर्क वरबूम है। एक तरफ छत्तीसगढ़ का ग्रामीण परिवेश और दूसरी तरफ यूरोप का विकसित देश नीदरलैंड—इन दोनों के बीच भाषा, खानपान, रहन-सहन और सामाजिक परंपराओं का बड़ा अंतर है। इसके बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते को मुकम्मल करने का फैसला किया।

अपर कलेक्टर के समक्ष पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया

इस अंतरराष्ट्रीय विवाह को कानूनी रूप देने के लिए दोनों पक्षों ने प्रशासनिक प्रक्रिया का सहारा लिया। शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को क्रिस्टीना और क्रिस्टीयान जिला मुख्यालय में अपर कलेक्टर एवं विवाह अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता के समक्ष उपस्थित हुए। निर्धारित कानूनी प्रावधानों और अधिनियम की धारा-5 के तहत तीन गवाहों की मौजूदगी में वैधानिक घोषणा की गई।

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान वधू पक्ष की ओर से हनोक नथेनियल और सोनिया नथेनियल गवाह के रूप में शामिल हुए। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विवाह अधिकारी ने प्रमाण-पत्र पर हस्ताक्षर किए और आधिकारिक रूप से विवाह का प्रमाण-पत्र जारी किया। इस प्रक्रिया के साथ ही दोनों का रिश्ता केवल व्यक्तिगत सहमति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे कानूनी और आधिकारिक मान्यता भी मिल गई।

गांव में चर्चा का विषय बना यह अनूठा रिश्ता

जब भुईगांव जैसे छोटे से ग्रामीण इलाके में यह खबर पहुंची कि यहां की बेटी ने नीदरलैंड के युवक से विवाह कर लिया है, तो गांववालों के बीच उत्सुकता और चर्चा का दौर शुरू हो गया। स्थानीय लोग इस अनोखे रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं और नवविवाहित जोड़े को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। हालांकि, दोनों की मुलाकात कहां और किन परिस्थितियों में हुई थी, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस शादी ने यह जरूर साबित कर दिया है कि जीवनसाथी चुनने में सरहदें और भौगोलिक दूरियां अब कोई बड़ी बाधा नहीं रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!