टेक्नोलॉजी डेस्क। WhatsApp एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है, जिसकी मदद से यूजर्स अब अपना मोबाइल नंबर शेयर किए बिना किसी से भी चैट कर सकेंगे।
WhatsApp अपने यूजर्स के लिए Username फीचर पर काम कर रहा है। इसके जरिए लोग अपना मोबाइल नंबर बताए बिना किसी भी नए व्यक्ति से बातचीत शुरू कर सकेंगे। यूजर को बस एक अलग यूजरनेम चुनना होगा, जिसे वह दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर कर सकता है।
WhatsApp Username फीचर क्या है?
अभी WhatsApp पर किसी से भी बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर चाहिए होता है। Username फीचर आने के बाद यूजर अपने लिए एक अलग पहचान चुन सकेंगे।
हालांकि यूजरनेम एक ऑप्शनल सुविधा होगी। जो लोग अपना यूजरनेम नहीं बनाना चाहते, वे पहले की तरह फोन नंबर के जरिए WhatsApp इस्तेमाल कर सकेंगे।
मोबाइल नंबर की जगह यूजरनेम
इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा प्राइवेसी से जुड़ा है। अभी किसी अनजान व्यक्ति के साथ WhatsApp पर बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर देना होता है, जो अब देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
भारत सरकार ने क्या कहा था?
भारत सरकार ने WhatsApp के Username फीचर को लेकर फर्जी पहचान और ऑनलाइन धोखाधड़ी की आशंका जताई है। Reuters के मुताबिक, जुलाई 2026 में सरकार ने WhatsApp से फीचर के काम करने के तरीके और सुरक्षा उपायों पर जवाब मांगा था। सरकार ने कहा था कि अभी भारत में इसका रोलआउट रोक दिया जाए। जिसके बाद WhatsApp ने अपने यूजरनेम फीचर के लिए कई सुरक्षा उपायों की जानकारी दी है। कंपनी के मुताबिक, यूजर को पहली बार मैसेज भेजने वाले व्यक्ति का सही यूजरनेम पता होना चाहिए। कंपनी ने यह भी कहा है कि सेलिब्रिटी, सरकारी संस्था और कुछ प्रमुख नामों की नकल रोकने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।

