मोहारा नदी में पत्नी की मौत के मामले में पति गिरफ्तार

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। पत्नी से आए दिन होने वाले विवाद से परेशान होकर उसे शिवनाथ नदी में धक्का देकर हत्या करने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मयूर मेश्राम उर्फ रिंकु (29), निवासी स्टेशनपारा, चिखली क्षेत्र के रूप में हुई है। न्यायालय से जेल वारंट मिलने के बाद उसे जिला जेल दाखिल करा दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रार्थी सोनू बोरकर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बहनोई मयूर मेश्राम 21 अक्टूबर की शाम उसके घर पहुंचा था। उसने पत्नी नीलम से छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने और इससे परेशान रहने की बात कही। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नीलम को घूमने के बहाने मोहारा नदी के छोटे पुल के पास ले गया था। वहां बातचीत के दौरान दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान उसने नीलम को नदी के गहरे पानी में धक्का दे दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।

रिपोर्ट के आधार पर बसंतपुर थाने में अपराध क्रमांक 501/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक एसपी तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन की टीम ने 22 अक्टूबर को घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। न्यायालय में पेशी के बाद जेल वारंट मिलने पर उसे जिला जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!