मुंबई एयरपोर्ट से करीब एक दर्जन इंटरनेशनल फ्लाइट्स को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ट्रांसफर करने की तैयारी है. मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानों का दबाव कम करने के लिए इंडिगो ने बड़ा फैसला लिया है. एयरलाइन फरवरी 2027 से अपनी 12 रोजाना इंटरनेशनल उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करेगी. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अपनी सेवाओं का विस्तार करेगी.
योजना के तहत लगभग 30 लाख यात्रियों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित किया जाएगा. इंडिगो मुंबई से संचालित होने वाली 12 दैनिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को धीरे-धीरे नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करेगी.
इंडिगो फरवरी, 2027 से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है. यह पहले चरण में स्थानांतरित किए जाने के लिए निर्धारित कुल यात्री संख्या का लगभग 60 प्रतिशत होगा. यह बदलाव एक साथ नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से होगा. इससे मुंबई के पुराने एयरपोर्ट पर जगह खाली होगी, जिसका इस्तेमाल नई उड़ानें शुरू करने के लिए किया जा सकेगा.
इस योजना के तहत इंडिगो छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA), मुंबई से संचालित होने वाली 12 दैनिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को धीरे-धीरे नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करेगी.
इस बदलाव के तहत मुंबई से बहरीन, रियाद, दम्माम, जेद्दा, मदीना, कुवैत, रास अल खैमाह, फुजैराह, मस्कट, ढाका और जकार्ता जाने वाली इंडिगो की मौजूदा उड़ानें नवी मुंबई एयरपोर्ट से चलेंगी. इसके अलावा काठमांडू के लिए रोजाना एक नई फ्लाइट शुरू करने की भी तैयारी है.
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने का उद्देश्य यात्रियों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बीच आसानी से कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है. अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और इंडिगो मिलकर ऐसी सुविधाएं विकसित कर रहे हैं, जिससे यात्रियों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बीच सुगम और सुविधाजनक कनेक्शन मिल सके.

