बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से 13 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग समेत तीन आरोपी बच्ची को डरा धमकाकर एक घर में ले गए और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेन खरीदने निकली थी बच्ची, रात में मिली बेहोश-
यह पूरा मामला रनचिरई थाना क्षेत्र के एक गांव का है। शिकायत के अनुसार, 13 वर्षीय पीड़िता गांव के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठवीं की छात्रा है। 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह पेन खरीदने के लिए दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थी। रात 8 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
रिश्तेदार के घर बेहोश मिली नाबालिग
इसी बीच रात करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि बच्ची गांव के कुछ युवकों द्वारा एक रिश्तेदार के घर बेहोशी की हालत में लाई गई है। परिजन वहां पहुंचे तो बच्ची बेहोश मिली। उसे तत्काल गुंडरदेही अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन घर वापस लाया गया।
डरी-सहमी रही बच्ची, 12 दिन बाद बताई आपबीती
परिजनों के अनुसार, घर लौटने के बाद से बच्ची चुपचाप और डरी-सहमी रहने लगी थी। मां ने जब उससे पूछताछ की तो 26 अक्टूबर को उसने घटना के बारे में बताया। बच्ची ने आरोप लगाया कि गांव के दो युवक उसे डराकर एक घर में ले गए थे। वहां तीसरे युवक को बुलाया गया। आरोप है कि उसे घर की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया गया और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए गए।
डर से बेहोश हुई नाबालिग
पीड़िता ने बताया कि आरोपितों की धमकी से वह डर गई थी। घटना के बाद घबराहट के कारण वह बेहोश हो गई। कुछ समय बाद होश आने पर वह किसी तरह घर से बाहर निकली, लेकिन रास्ते में दोबारा बेहोश हो गई। इसके बाद गांव के कुछ लोग उसे एक परिचित के घर ले गए। पीड़िता की मां 27 अक्टूबर को परिजनों और गांव के प्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
मामला दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1), 70(2), 137(2), 127(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसडीओपी विनय साहू ने कहा कि इस पूरे मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें नाबालिग ही मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। तीनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

