CG Vacancy: 1703 पदों पर बंपर भर्ती, सहायक ग्रेड-3 के 1206 पदों पर मौका, आवेदन शुरू

रायपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने भर्ती का नया अवसर दिया है। मंडल ने स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के 10 अलग-अलग पदों पर कुल 1,703 रिक्तियों के लिए आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इस भर्ती में सबसे ज्यादा अवसर सहायक ग्रेड-3 के पदों पर हैं। इसके लिए 1,206 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं, सहायक उप निरीक्षक के 319 पदों पर भी भर्ती होगी। आवेदन की प्रक्रिया पांच नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

पदों का विवरण

  • 1,206 सहायक ग्रेड-3 और 319 सहायक उप निरीक्षक के पद शामिल
  • 10 जनवरी को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल कराएगा लिखित परीक्षा

लिपि‍कीय से लेकर तकनीकी और शोध पदों पर मौका

  • इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें लिपिकीय कार्य से लेकर तकनीकी और शोध से जुड़े पदों को भी शामिल किया गया है।
  • सहायक ग्रेड-3 और सहायक उप निरीक्षक के अलावा शोधलेखक हिंदी के 30, अंग्रेजी के तीन और विज्ञानी के 13 पद हैं। उप निरीक्षक (शोधलेखक सामान्य शाखा हिंदी) के 34, डाटा एंट्री आपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 और पंजीयन लिपिक के 50 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

दिसंबर में नहीं, जनवरी में होगी परीक्षा

  • भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।
  • अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र चार जनवरी 2027 को जारी किए जाने की संभावित तिथि तय की गई है। आवेदन भरने के दौरान हुई गलतियों में सुधार के लिए 28 से 30 नवंबर तक शाम पांच बजे तक का अवसर मिलेगा।

स्थानीय युवाओं को शुल्क वापसी की सुविधा

  • आवेदन शुल्क आनलाइन जमा करना होगा। हालांकि, छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के बाद शासन के नियमानुसार परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा। यह राशि उसी बैंक खाते में लौटाई जाएगी, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है।
  • भर्ती से संबंधित पदों की संख्या, पात्रता, आयु सीमा, परीक्षा प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट cgssb.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!