दिवाली की सुबह बड़ा हादसा; मकान की छत गिरने से 20 दिन के बच्चे समेत 3 की मौत

यूपी/ कानपुर. कानपुर में दिवाली की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. पनकी पड़ाव इलाके में रविवार (8 नवंबर) सुबह एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई. उस समय परिवार के चार लोग घर के अंदर सो रहे थे. सभी मलबे में दब गए. हादसे में सास, बहू और 20 दिन के मासूम बच्चे की मौत हो गई. वहीं, परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और SDRF की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.

सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच हुआ हादसा

यह हादसा पनकी थाना क्षेत्र के पनकी पड़ाव इलाके में रविवार सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुआ. आसपास के लोगों के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे. इसी दौरान अचानक मकान की छत गिर गई. छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.

मलबे में दब गए परिवार के चार लोग

हादसे के समय विनोदनी शुक्ला (60), उनकी बहू अंशिका शुक्ला (28), 20 दिन का पोता आरव शुक्ला और हर्ष शुक्ला (32) घर के अंदर मौजूद थे. चारों मलबे में दब गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और SDRF को सूचना दी. इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया.

तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस और SDRF की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मलबा हटाया. काफी मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया. सभी को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने विनोदनी शुक्ला, अंशिका शुक्ला और 20 दिन के आरव को मृत घोषित कर दिया. तीन मौतों से परिवार में मातम छा गया.

गंभीर हालत में हर्ष का चल रहा इलाज

हादसे में हर्ष शुक्ला (32) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है. फिलहाल मकान की छत गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!