सर्दियों में बनाएं स्वाद और सेहत से भरपूर पालक की कढ़ी, भूल जाएँगे पकौड़े वाली कढ़ी

लाइफस्टाइल। सर्दियों के मौसम में गरमागरम कढ़ी खाने का मजा ही कुछ और होता है। बाजरे की रोटी, मक्के की रोटी या फिर चावल के साथ कढ़ी मिल जाए तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाता है। आमतौर पर घरों में बेसन के पकोड़े वाली कढ़ी बनाई जाती है, लेकिन अगर आप कुछ नया और पौष्टिक ट्राई करना चाहते हैं तो पालक की कढ़ी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है।

पालक की हरी पत्तियों और दही-बेसन के खट्टे-चटपटे स्वाद से तैयार यह कढ़ी खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है। इसमें पालक के साथ दही और बेसन का इस्तेमाल किया जाता है। पालक आयरन और फोलेट का अच्छा स्रोत है, वहीं दही से प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है।तो चलिए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट पालक की कढ़ी बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री
कढ़ी के लिए
पालक –250 ग्राम
खट्टा दही – 1 कप
बेसन – 4 बड़े चम्मच
पानी – 3 से 4 कप
हल्दी पाउडर – आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
अदरक – 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
हरी मिर्च – 2 बारीक कटी हुई
नमक – स्वादानुसार

तड़के के लिए
तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
जीरा – आधा छोटा चम्मच
राई – आधा छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
सूखी लाल मिर्च – 2
करी पत्ता – 8 से 10
लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच

विधि
1-सबसे पहले पालक की पत्तियों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब इन्हें बारीक काट लें। एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके अदरक और हरी मिर्च डालें।
2-इसके बाद कटा हुआ पालक डालकर 3-4 मिनट तक पकाएं, ताकि पालक हल्का नरम हो जाए। इसे अलग रख दें।
3-एक बड़े बर्तन में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें। ध्यान रखें कि घोल में गांठें न पड़ें। अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और 3 से 4 कप पानी डालकर अच्छी तरह मिला लें।
4-अब एक गहरे बर्तन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें तैयार दही-बेसन का घोल डाल दें। मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए कढ़ी को उबाल आने तक पकाएं।
5-उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और लगभग 15-20 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में इसे चलाते रहें, ताकि कढ़ी तले में न लगे।
6-जब कढ़ी अच्छी तरह पक जाए और थोड़ी गाढ़ी हो जाए तो इसमें तैयार पालक डाल दें। अब इसे 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं, जिससे पालक का स्वाद कढ़ी में अच्छी तरह मिल जाए।
7-एक छोटे पैन में घी या तेल गर्म करें। इसमें जीरा, राई, हींग, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ता डालें। आखिर में लाल मिर्च पाउडर डालकर तुरंत गैस बंद कर दें। तैयार तड़के को गर्मागर्म कढ़ी के ऊपर डाल दें।

इन चीजों के साथ करें सर्व
आपकी स्वादिष्ट और पौष्टिक पालक की कढ़ी बनकर तैयार है। इसे गरमागरम चावल, बाजरे की रोटी, मक्के की रोटी या फिर गेहूं की रोटी के साथ परोस सकते हैं। ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा।

पालक की कढ़ी खाने के फायदे
आयरन का अच्छा स्रोत-पालक में आयरन होता है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है।
पोषक तत्वों से भरपूर-पालक में फोलेट, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं।
प्रोटीन और कैल्शियम-दही और बेसन से शरीर को प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है।
बच्चों के लिए अच्छा विकल्प-पालक को स्वादिष्ट कढ़ी के रूप में बच्चों की डाइट में शामिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!