एक ही घर से उठीं 3 अर्थियां, रो पड़ा पूरा गांव! भाईदूज पर हुआ था हादसा….

थानखम्हरिया। भाईदूज पर बहन से मिलने निकले एक परिवार के लिए त्योहार की खुशियां जिंदगीभर के गम में बदल गईं। कबीरधाम जिले के रणवीरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में ग्राम बनिया के पास बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसके दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में थानखम्हरिया तहसील के समीपस्थ ग्राम बनरांका निवासी भूपेन्द्र कश्यप (39), उनकी बेटी वीरा (12) और बेटे पंकज (7) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में नवघटा निवासी भावेश सिन्हा की भी जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद बनरांका सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब भूपेन्द्र कश्यप और उनके दोनों बच्चों के पार्थिव शरीर गांव लाए गए, तो माहौल बेहद भावुक हो गया। जिस घर में कुछ समय पहले तक त्योहार की रौनक थी, वहां अब अपनों को खोने का असहनीय दर्द था। भूपेन्द्र की पत्नी खेमा कश्यप पति और दोनों बच्चों के शवों को देखकर अपना होश खो बैठीं। परिवार की बुजुर्ग मां भी बेटे और मासूम पोता-पोती को इस हालत में देखकर बार-बार बेसुध हो रही थीं। आसपास मौजूद महिलाओं ने दोनों को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस त्रासदी के सामने किसी के पास सांत्वना देने के लिए शब्द नहीं थे। भूपेन्द्र खेती-किसानी कर अपने परिवार का जीवनयापन करते थे। सरल स्वभाव और मिलनसार व्यवहार के कारण गांव में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके साथ दोनों बच्चों की असमय मौत ने ग्रामीणों को भीतर तक झकझोर दिया।

दोपहर करीब दो बजे जब भूपेन्द्र और उनके दोनों बच्चों की अंतिम यात्रा शुरू हुई, तो गांव का वातावरण पूरी तरह गमगीन हो गया। आगे पिता की अर्थी और उसके पीछे बेटी वीरा तथा बेटे पंकज की अर्थियां देखकर ग्रामीण अपने आंसू नहीं रोक पाए। एक ही परिवार के तीन सदस्यों को अंतिम विदाई देने के लिए गांव के लोग एकत्र हुए। बनरांका के मुक्तिधाम में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नम आंखों से पिता और दोनों बच्चों को अंतिम विदाई दी। परिवार के लिए यह क्षति इतनी बड़ी है कि उसकी भरपाई संभव नहीं है। एक सड़क दुर्घटना ने खेमा कश्यप से उनके जीवनसाथी के साथ दोनों बच्चों को भी छीन लिया। हादसे के बाद परिवार के साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 12 वर्षीय वीरा गांव के शासकीय मिडिल स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा थी। वह पढ़ाई में होनहार और शांत स्वभाव की थी। वीरा का सपना बड़ा होकर शिक्षिका बनने का था, लेकिन इस दर्दनाक दुर्घटना ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया। उसका सात वर्षीय छोटा भाई पंकज प्राथमिक शाला में कक्षा पहली का छात्र था। दोनों भाई-बहन की मौत की सूचना मिलने के बाद विद्यालय के शिक्षक और सहपाठी भी गहरे दुख में डूब गए। जिन बच्चों के साथ वीरा और पंकज रोजाना विद्यालय में पढ़ते थे, उनके लिए अपने साथियों की मौत की खबर पर विश्वास करना कठिन था। दोनों बच्चों की असमय विदाई से विद्यालय परिसर का वातावरण भी शोकपूर्ण हो गया।

वीरा और पंकज की स्मृति में विद्यालय की प्रार्थना सभा के दौरान श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों बच्चों की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित किए गए और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपने प्रिय छात्र-छात्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विद्यालय में गहरा शोक दिखाई दिया। पढ़ाई में आगे बढ़ने और भविष्य में कुछ बनने का सपना देखने वाले दोनों मासूमों की मौत ने उनके सहपाठियों को भी भावुक कर दिया।

भूपेन्द्र कश्यप और उनके दोनों बच्चों की मौत के बाद ग्राम बनरांका में शोक का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। गांव की सभी दुकानें शोकस्वरूप बंद रहीं। त्योहार के अवसर पर जिस गांव में चहल-पहल थी, वहां दुर्घटना के बाद सन्नाटा छा गया। परिवार की इस अपूरणीय क्षति ने ग्रामीणों को भी गहरे दुख में डाल दिया है।

ग्राम बनरांका के सरपंच चितरेन साहू ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बनिया-रणवीरपुर मार्ग पर तेज गति से चलने वाले वाहनों पर सख्त नियंत्रण लगाने की आवश्यकता भी जताई है। सरपंच ने मांग की है कि इस मार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े। बहरहाल, भाईदूज के अवसर पर हुए इस हादसे ने कश्यप परिवार को कभी न भूलने वाला दुख दिया है। भूपेन्द्र, वीरा और पंकज की यादें अब परिवार और ग्रामीणों के बीच ही शेष रह गई हैं। वहीं, इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़कों पर वाहनों की तेज रफ्तार को नियंत्रित करने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!