Bharat Summit : इटली के नेता ने राहुल गांधी के सामने लगाया ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा, BJP-BRS ने कांग्रेस को घेरा

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के ‘भारत समिट 2026’ में एक विदेशी नेता के बयान ने देश की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया है। इटली के नेता और यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने मंच से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे। फिलिबेक के इस बयान को लेकर बीजेपी और भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

विदेशी नेता के बयान पर BJP का कांग्रेस से सवाल

तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी विदेशी नेता को भारत के लोकतंत्र और राजनीतिक व्यवस्था पर टिप्पणी करने देना उचित है?

राव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह भारतीय नेता की तरह व्यवहार नहीं कर रहे हैं और विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने विदेशी नेता के बयान पर कांग्रेस नेताओं की तालियों को लेकर भी सवाल खड़े किए।

BRS ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरा

इस विवाद में भारत राष्ट्र समिति (BRS) भी शामिल हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट कार्तिक इंद्र रेड्डी पट्लोला ने एक्स पर पोस्ट कर पूछा कि भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी करने के लिए किसी विदेशी नेता को मंच क्यों दिया गया?

उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर विदेशी नेता की टिप्पणी का स्वागत करना कांग्रेस की कैसी रणनीति है?

राहुल गांधी की तारीफ में क्या बोले जियाकोमो फिलिबेक?

भारत समिट 2026 में अपने संबोधन के दौरान जियाकोमो फिलिबेक ने राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांत ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

फिलिबेक ने भारत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठ रहे सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी वोटर लिस्ट को पारदर्शी बनाने और हर नागरिक को समान मतदान का अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी नेताओं और समर्थकों के मार्च का भी उल्लेख किया। अपने संबोधन के दौरान फिलिबेक ने नारा लगाया, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़।’ इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में भी कहा, ‘Vote Thief, Leave Your Seat.’

इस बयान के बाद भारत समिट 2026 का राजनीतिक विवादों में घिरना तय माना जा रहा है। अब बीजेपी और BRS के हमलों के बीच कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!