कुनकुरी में सीएम विष्णुदेव साय ने मनाया छठ, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, 23.17 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छठ महापर्व के अवसर पर कुनकुरी के छठ घाट पहुंचकर अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ उगते सूर्य देव को उषा अर्घ्य अर्पित किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की.

सीएम साय ने की छठ पूजा, उगते सूर्य को अर्घ्य

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ पूजा की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा है. उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व के इस पावन अवसर पर शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है. छठ पूजा लोक आस्था, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम पर्व है, जो हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है.

CM Vishnudeo Sai Chhath festival

छठ पर कुनकुरीवासियों को सौगात

छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुनकुरी नगरवासियों को 23 करोड़ 17 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए उनका भूमिपूजन किया. इन विकास कार्यों में छठ तालाब का विस्तार एवं चौड़ीकरण, तालाब का रिज्युविनेशन, मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन, सड़क निर्माण और जिम निर्माण शामिल हैं. छठ तालाब के विकास एवं चौड़ीकरण के लिए 5 करोड़ 17 लाख रुपये तथा तालाब के रिज्युविनेशन कार्य के लिए 6 करोड़ 89 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं. इसी तरह मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण लगभग 3 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा.

CM Vishnudeo Sai Chhath festival

इसके अलावा कुनकुरी छठ तालाब से बंदरा खसरा नाला तक सड़क निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपये और जिम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इन विकास कार्यों के पूरा होने से कुनकुरी में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा. छठ तालाब के विकास और चौड़ीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं रिज्युविनेशन कार्य से तालाब के संरक्षण एवं सुधार में मदद मिलेगी. मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा. सड़क निर्माण से आवागमन सुगम होगा, जबकि जिम बनने से युवाओं को व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के लिए सुविधा मिलेगी.

Kunkuri CM Bhoomi Pujan

छठ पूजा की महिमा

छठ महापर्व भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का चार दिवसीय पर्व है.इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है. दूसरे दिन खरना पर व्रती उपवास रखकर प्रसाद ग्रहण करते हैं. तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है, जबकि चौथे दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित कर व्रत का समापन किया जाता है. यह पर्व पवित्रता, अनुशासन, त्याग और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!