15 दिनों से लापता महिला का मिला कंकाल, तेंदुए के हमले से मौत की आशंका…

खैरागढ़। जिले के ग्राम गातापार में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पिछले करीब 15 दिनों से लापता 70 वर्षीय अनुसूईया बाई मंडावी का कंकाल रविवार को धान के खेत में बरामद हुआ। महिला के अवशेष मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले में महिला की मौत होने की आशंका जताई है। इसकी वजह इलाके में पहले भी तेंदुए की मौजूदगी और आसपास मवेशियों के शिकार की घटनाएं बताई जा रही है।

परिजनों के मुताबिक, अनुसूईया बाई मंडावी करीब 15 दिनों से लापता थी। आसपास और गांव में पूछताछ करने के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। महिला की तलाश में परिजनों के साथ ग्रामीणों ने भी काफी मशक्कत की। जंगल से लेकर आसपास के गांवों और खेतों तक खोजबीन की गई। ग्रामीणों के मुताबिक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला। आखिरकार रविवार को धान के खेत में उनके कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

नवरात्रि में सड़क पर दिखा था तेंदुआ

महिला की मौत को लेकर ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले की आशंका जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान क्षेत्र की सड़क पर तेंदुआ दिखाई दिया था। उस समय कई लोगों ने उसे देखा और कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें भी खींची थीं। इतना ही नहीं, ग्रामीणों के अनुसार आसपास के गांव में पिछले एक-दो दिनों के भीतर गाय का भी शिकार हुआ है। इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों को आशंका है कि कहीं अनुसूईया बाई मंडावी भी किसी जंगली जानवर का शिकार तो नहीं बन गईं। घटना स्थल के आसपास तेंदुए के पंजों जैसे निशान मिलने का दावा भी ग्रामीणों ने किया है। हालांकि, इन निशानों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। महिला की मौत वन्यजीव के हमले से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच के बाद खुलेगा मौत का राज

कंकाल मिलने की सूचना पर पुलिस, वन विभाग और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। विशेषज्ञों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। महिला के अवशेषों को जांच के लिए ले जाया गया है। अब फॉरेंसिक जांच और वन विभाग की निरीक्षण रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियों का पता चल सकेगा। फिलहाल ग्राम गातापार में दहशत का माहौल है। 15 दिनों तक लापता रही 70 वर्षीय महिला का खेत में कंकाल मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। क्या अनुसूईया बाई मंडावी की जान तेंदुए के हमले में गई या इस घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है? इसका जवाब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!