पीएम स्वनिधि योजना; राज्य को मिलेंगे चार राष्ट्रीय पुरस्कार….

रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ की झोली में चार राष्ट्रीय पुरस्कार आए हैं। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ-साथ प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन किया है। पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की इस उपलब्धि के लिए 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह सम्मान दिया जाएगा।

राज्य और निकायों के बेहतरीन प्रदर्शन का मिला इनाम

केंद्रीय मंत्रालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, ओवरऑल प्रदर्शन के लिए पूरे राज्य को एक पुरस्कार मिला है, जबकि उत्कृष्ट कार्य के लिए बिलासपुर और बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा व बड़े बचेली निकायों ने बाजी मारी है। इन निकायों ने अपने क्षेत्र के रेहड़ी-पटरी वालों (स्ट्रीट वेंडर्स) को योजना से जोड़कर उनके छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

नई दिल्ली में 10 सदस्यीय दल ग्रहण करेगा सम्मान

नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि केंद्रीय मंत्रालय से पुरस्कारों के लिए चयन का आधिकारिक पत्र प्राप्त हो चुका है। आगामी 20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में यह सम्मान समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में पुरस्कार ग्रहण करने के लिए राज्य शासन और तीनों चयनित निकायों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया गया है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जताई खुशी

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस राष्ट्रीय उपलब्धि को पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जमीनी स्तर पर हुए सार्थक प्रयासों और छोटे व्यापारियों के आर्थिक सशक्तीकरण का परिणाम है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वावलंबी बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!