बीमा पॉलिसी की रकम वापस दिलाने का झांसा, रिटायर्ड निगम कर्मी से 5.23 लाख की साइबर ठगी

भिलाई। बीमा पॉलिसी की रकम लाभ सहित वापस दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने रिसाली नगर निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारी भूपति कुमार सिंह से 5.23 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपितों ने बीमा पालिसी सरेंडर कराने और भुगतान जारी करने के नाम पर अलग-अलग कारण बताकर पांच बार में रकम जमा कराई। शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने रंजीत शर्मा, आरपी गुप्ता सहित अन्य खाताधारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

14 लाख रुपये का कराया था बीमा

पुलिस के अनुसार पुष्पक नगर दुर्ग निवासी भूपति कुमार सिंह ने अक्टूबर 2023 से सितंबर 2026 के बीच भागीरथी प्रसाद वर्मा और राधिका सिंह के माध्यम से अलग-अलग कंपनियों में करीब 14 लाख रुपये का बीमा कराया था। उन्हें वरिष्ठ नागरिक योजना बताकर यह भरोसा दिलाया गया था कि केवल एक बार प्रीमियम जमा करना होगा और बाद में पूरी राशि लाभ सहित वापस मिल जाएगी। हालांकि, प्रीमियम का भुगतान नहीं होने से उनकी पॉलिसी लैप्स हो गई थी।

चालान के नाम पर 5.23 लाख रुपये जमा कराए

इसके बाद 31 मार्च 2026 को रंजीत शर्मा ने फोन कर बीमा की रकम वापस दिलाने की बात कही। उसने सरेंडर फॉर्म भरवाकर प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। अगले दिन आरपी गुप्ता ने संपर्क कर भुगतान के लिए चार प्रतिशत चालान राशि जमा करने की बात कही। उसने व्हाट्सएप पर डीटी की प्रति दिखाकर शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया। इसके बाद कभी चालान तो कभी अन्य प्रक्रिया का हवाला देकर पांच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5,23,391 रुपये जमा करा लिए गए।

पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का अपराध

रकम जमा करने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने पर भूपति कुमार सिंह को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित रंजीत शर्मा और आरपी गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!