CG: घर का कुक ही निकला चोर, जेवर चुराकर ज्वेलर्स को बेचे; CCTV से खुला राज

रायपुर। खम्हारडीह के भावना नगर में सोना-चांदी कारोबारी पदमेश दुबे के घर से 15 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी करने वाले कुक बबलू मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वह दो-तीन महीने से मौका पाकर अलमारी के लॉकर से धीरे-धीरे आभूषण और सिक्के चुरा रहा था। चोरी के जेवर खरीदने वाले कुशालपुर निवासी ज्वेलर्स संतोष सोनी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से करीब 3.15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, छह नवंबर को धनतेरस पर पूजा के लिए जेवर निकालने के दौरान परिवार को चोरी का पता चला था। इसके बाद कमरे और अलमारी के सामने सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए। 15 नवंबर को फुटेज में कुक बबलू लॉकर से जेवर निकालते दिखा। शिकायत पर खम्हारडीह पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने जांच शुरू की।

पूछताछ में बबलू ने चोरी स्वीकार की। उसने कुछ जेवर संतोष सोनी को बेचे थे और कुछ मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखे थे। गिरवी जेवरों की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में चोरी के आभूषण खरीदने से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!