नाबालिग ने बच्चे को दिया जन्म, राज छिपाने के लिए नाली में फेंका, 6 आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज

रायपुर। गोबरा नवापारा में नवजात शिशु को जन्म देने के बाद नाली में फेंकने के मामले में पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। 31 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे आयुष्मान अस्पताल, नवापारा रोड के किनारे नाली में नवजात का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में नवजात के जीवित अवस्था में जन्म लेने और इसके बाद उसकी मृत्यु होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच में नवजात को जन्म देने वाली नाबालिग युवती और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटना की जानकारी छिपाने और नवजात को नाली में फेंकने में सहयोग किया। जांच में नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने के बाद उसे अस्पताल ले जाने और पुलिस को सूचना नहीं देने के तथ्य भी सामने आए। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!