PCC चीफ दीपक बैज ने महंगी बिजली बिल सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा…

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने गौरेला प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली के साथ नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार, महंगे बिजली बिल, स्मार्ट मीटर के विरोध और बस्तर के जल-जंगल-जमीन से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा।

​कुनकुरी में 33,710 के बिजली बिल का जिक्र

​बढ़ते बिजली बिलों का मुद्दा उठाते हुए दीपक बैज ने एक लंबा बिजली बिल दिखाया और दावा किया कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में एक उपभोक्ता के घर का एक महीने का बिल 33,710 आया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के आम उपभोक्ता बढ़े हुए बिजली बिलों की मार झेल रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया।

‘महतारी वंदन योजना’ को लेकर बोला हमला

‘महतारी वंदन योजना’ पर हमला बोलते हुए बैज ने आरोप लगाया कि सरकार ने इस योजना के नाम पर वोट लेकर सत्ता तो हासिल कर ली, लेकिन इसका वास्तविक लाभ आम जनता के बजाय भाजपा को मिला है।

​नशे के अवैध कारोबार पर सरकार से जवाब-तलब

​दीपक बैज ने कोरबा से जुड़े एक हालिया वीडियो का हवाला देते हुए प्रदेश में फैलते नशे के जाल पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि गली-गली में सूखा नशा, अवैध शराब, गांजा, चरस, अफीम और नशीली दवाइयों की खुलेआम बिक्री और खेती हो रही है।

सीमाओं से होने वाली तस्करी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सूखे नशे की आवक को लेकर केंद्र और राज्य सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने चेताया कि नशे की इस लत का शिकार युवा और बच्चे हो रहे हैं, जिससे अभिभावक बेहद चिंतित हैं। ऐसे में भावी पीढ़ी को बचाने के लिए सरकार को तत्काल सख्त कदम उठाने चाहिए।

​बस्तर में आदिवासियों के दमन और खनिज संसाधनों की लूट का आरोप

​बस्तर के हालात पर चर्चा करते हुए बैज ने कहा कि पूर्व की डॉ. रमन सिंह सरकार के समय नक्सल उन्मूलन के नाम पर निर्दोष आदिवासियों पर कार्रवाई, फर्जी एनकाउंटर और झूठे मुकदमे दर्ज होने के मामले सामने आते थे। वर्तमान सरकार भी नक्सलवाद के नाम पर बस्तर में आदिवासियों की आवाज़ दबा रही है।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जांच समिति गठित कर 1,300 से अधिक निर्दोष आदिवासियों को जेल से रिहा कराया गया था, जबकि आज भी 25,000 से अधिक आदिवासियों पर दर्ज फर्जी एफआईआर और वारंट के खिलाफ कांग्रेस संघर्ष कर रही है।

​खनिज संपदा की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए उन्होंने पूछा कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बस्तर के संसाधनों की रक्षा की क्या गारंटी है? उन्होंने बैलाडीला के दो और कांकेर के एक लौह अयस्क डिपॉजिट निजी उद्योगपतियों को सौंपे जाने, अवैध खनन और बड़े पैमाने पर लकड़ी चोरी के गंभीर आरोप लगाए।

​RSS की फंडिंग पर सवाल, संगठन की मजबूती पर जोर

​राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर दीपक बैज ने कहा कि यह पूछा जाना चाहिए कि क्या संघ का विधिवत पंजीयन है और उसे फंडिंग कहां से प्राप्त होती है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा RSS पर लगाए गए प्रतिबंध का स्मरण कराते हुए 2029 की राजनीति पर भी टिप्पणी की। वहीं, कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि कांग्रेस ने कभी प्रतिशोध की राजनीति नहीं की है।

जानिए ​संगठन और आगामी रणनीति पर बैज ने क्या कहा

​संगठन और आगामी रणनीति पर बैज ने कहा कि एआईसीसी (AICC) द्वारा सचिवों के प्रभार में किए गए बदलावों से पार्टी जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत होगी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी दो वर्ष का समय शेष है, पार्टी की कार्ययोजना तैयार हो रही है और उचित समय आने पर जनता के सामने ठोस रणनीति रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!