NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस…

रायपुर। राजधानी रायपुर से आत्महत्या एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव किराये के मकान में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

जानकरी के अनुसार, मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे (17 वर्ष), पिता हरपाल बंजारे के रूप में हुई है। वह अक्टूबर 2026 से कुशालपुर में किराये के मकान में रहकर एलेन कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी कर रहा था। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को छात्र के फांसी लगाने की सूचना मिली। घटनास्थल की जांच के दौरान छात्र के हाथ में एक लड़की का प्रेम पत्र मिला है। पत्र में लड़की ने उसे प्रेम संबंध में अधिक लिप्त होने के बजाय अपने करियर पर ध्यान देने की सलाह दी थी। हालांकि, अभी आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

कोचिंग नहीं पहुंचा तो दोस्तों ने किया फोन

पुलिस के अनुसार, आशंका है कि श्रेयांश ने मंगलवार देर रात फांसी लगाई होगी। बुधवार को जब वह कोचिंग नहीं पहुंचा तो उसके दोस्तों ने उसे फोन करना शुरू किया। लगातार कॉल करने के बाद भी जब उसने फोन रिसीव नहीं किया तो दोस्तों को लगा कि शायद उसकी तबीयत खराब है। इसके बाद वे उससे मिलने कुशालपुर स्थित किराये के मकान पहुंचे।

वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दोस्तों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो श्रेयांश का शव पंखे से लटका हुआ था। उसने रस्सी के सहारे फांसी लगाई थी। इसके बाद दोस्तों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

दोपहर तक टिफिन लेने नहीं पहुंचा था छात्र

मकान मालिक के अनुसार, श्रेयांश को सुबह और शाम दोनों समय टिफिन दिया जाता था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे तक वह टिफिन लेने नहीं पहुंचा था। इसके बाद दोस्तों के मकान पर पहुंचने और घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने मृतक के पिता की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारा गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के पिता भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। कमरे की जांच के दौरान छात्र के हाथ में एक युवती का प्रेम पत्र मिला। पत्र में युवती ने प्रेम संबंध में अधिक उलझने के बजाय अपने करियर और भविष्य पर ध्यान देने की सलाह दी थी। पुलिस पत्र से जुड़े तथ्यों और छात्र के व्यक्तिगत संबंधों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा दोस्तों, मकान मालिक और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!