अंबिकापुर से नई दिल्ली तक सीधी ट्रेन को मिल सकती है हरी झंडी

अंबिकापुर। रेल और यात्री सुविधाओं के मामले में पिछड़े सरगुजा को बड़ी सौगात मिल सकती है।केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 14 मई को अंबिकापुर से नई दिल्ली तक सीधी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते है।इसके लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां भी शुरू हो गई है। खबर है कि नई दिल्ली तक नई ट्रेन आरंभ करने के लिए बोगियां बिजुरी रेलवे स्टेशन पर पहुंच चुकी है।बोगियों को सजाने का काम भी शुरु कर दिया गया है।यदि सब कुछ ठीक ठाक रहा तो रेल सुविधा के मामले में यह उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी सौगात होगी।इस ट्रेन को अंबिकापुर से अनूपपुर-कटनी-इलाहाबाद-कानपुर होते नई दिल्ली तक चलाने की योजना है।रेल सुविधा के मामले में वर्षों से उपेक्षित सरगुजांचल की दो बहुप्रतीक्षित मांग अंबिकापुर से रेनुकूट और अंबिकापुर से बरवाडीह तक नई रेल लाइन निर्माण की घोषणा भी रेल मंत्री कर सकते है।इन दोनों रेल लाइन का सर्वे वर्षों पहले किया जा चुका है।सर्वेक्षण रिपोर्ट रेल मंत्रालय और रेल बोर्ड को भी भेजा जा चुका है।अंबिकापुर-बरवाडीह रेल लाइन तो आजादी के पहले की योजना थी।अंग्रेजों ने इस रेल लाइन पर काम शुरू भी कराया था लेकिन आजादी के बाद इस पर कोई काम नहीं हुआ।अंबिकापुर-रेनुकूट और अंबिकापुर-बरवाडीह रेल लाइन का काम होने से उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।दिल्ली-हावड़ा मेन लाइन से यह जुड़ जाएगा। बता दें कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव 14 मई को अंबिकापुर आ रहे हैं उनके आने से पहले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और बिलासपुर के डीआरएम अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वापस लौट चुके हैं। केंद्रीय रेल मंत्री ओडिशा के झारसुगड़ा से 13 मई की रात 11 बजे ट्रेन से अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे। बिलासपुर-अनूपपुर होते विशेष ट्रेन से हुए सुबह 8:30 बजे अंबिकापुर पहुंच जाएंगे। यहां सुबह नौ बजे से 10:30 बजे तक केंद्रीय रेल मंत्री का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।यहां से सड़क मार्ग से वे कोरबा के लिए रवाना होंगे।केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री के आगमन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नई ट्रेन और रेल लाइनों को लेकर गुरुवार शाम को वे अंबिकापुर में पत्रकारों से चर्चा भी कर सकती हैं। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन को सजाने संवारने का काम की युद्ध स्तर पर आरंभ कर दिया गया है।

महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने किया घाटे का बजट पेश
पक्ष-विपक्ष दोनों के नेताओं ने साधा एक-दूसरे के बड़े नेताओं पर निशाना

राजनांदगांव। यहां के नगर निगम में सत्तासीन कांग्रेस महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने आज पूर्वाह्न घाटे का बजट पेश किया। बजट बैठक शुरूआती दौर से विपक्ष हंगामें, बहिर्गमन, पोस्टरबाजी और नारेबाजी की भेंट चढ़ गया और इसी बीच निगम अध्यक्ष हरिनारायण धकेता ने बजट पारित होने की घोषणा कर दी। यह भी उल्लेखनीय है कि निगम में दोनों के नेताओं ने एक-दूसरे के बड़े नेताओं (मुख्यमंत्री-पूर्व मुख्यमंत्री) पर निशाना साधा।
निगम इतिहास में शायद ही हुआ होगा कि इतनी जल्दी बजट पास हो गया हो। पूर्वाह्न से बैठक शुरू होकर रात-देर रात तक भी बजट पारित हुए हैं। इस सालाना निगम बजट मंे पार्षद शिव वर्मा भाजपा के बाकी 18 पार्षदों के बहिर्गमन के बाद सदन में भारी पड़ते रहे। वॉकआऊट करने वाले विपक्षी पार्षदगण टाऊनहाल के नार्दर्न गेट पर आधी धूप-आधी छांव में बैठकर नारेबाजी करते रहे। वे कह रहे थे कि सभापति होश में आओ। सभापति को महापौर की गुलामी से निकलना होगा। तब तक 12.00.12.15 बजे से तक भाजपा के शहर अध्यक्ष दक्षिण ब्लॉक तरूण लहरवानी, उपाध्यक्ष अशोकादित्य, युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रखर वैष्णव, महामंत्री हकीम खान आदि भी सदन की कार्यवाही देखने गणमान्य लोगों की भांति ही गए थे। फिर पौने एक बजे जैसे ही शिव वर्मा सदन छोड़ कर बाहर गये वेसे ही सभापति ने दोपहर 12.49 बजे बजट पारित होने की घोषणा कर दी।
बजट इस प्रकार
महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने अपने तीसरे वर्ष के बजट अभिभाषण में बताया है कि वर्ष 2021-22 के बजट प्रावधानों के विरूद्ध पुनरीक्षित आय 361 करोड़ 52 लाख 34 हजार रू. तथा पुनरीक्षित व्यय 383 करोड़ 29 लाख 63 हजार रू. है। बजट अनुमान अंतर्गत कुल अनुमानित आय 472 करोड़ 18 लाख 21 हजार रू. तथा व्यय 503 करोड़ 11 लाख 46 हजार रू. था, जबकि वर्ष 2021-22 में प्रारंभिक अवशेष 30 करोड़ 47 लाख 99 हजार रू. था। वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट प्रावधान में प्रस्तावित आय 434 करोड़ 22 लाख 35 हजार रू. तथा व्यय 466 करोड़ 5 लाख 51 हजार रू. है। वर्ष 2022-23 की अनुमानित प्रारंभिक अवशेष राशि 31 करोड़ 57 लाख 55 हजार की संभावना है। इसे मिलाकर कुल आय 465 करोड़ 79 लाख 90 हजार रू. होता है। इस प्रकार घाटे का बजट 25 लाख 61 हजार रूपये है।

error: Content is protected !!