महिला समूह द्वारा किए जा रहे प्रयासों की कलेक्टर ने की तारीफ

 

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। कलेक्टर  डोमन सिंह कल डोंगरगढ़ विकासखंड  दौरे पर रहे। इस दौरान वे सहसपुर गौठान देखने पहुंचे गौठान में महिला समूह द्वारा किए जा रहे प्रयासों और आजीविका मूलक गतिविधियों को देखकर काफी खुश हुए। महिला समूह के द्वारा यहां सब्जी की खेती, बकरी पालन, मसाला उत्पादन का कार्य बखूबी ढंग से किया जा रहा है। महिला समूह द्वारा यहां 3 एकड़ में सब्जी की खेती की जा रही है। बाड़ी में करेला, बरबटी, लौकी, मखना की खेती हो रही है। महिलाओं द्वारा यहां बकरी पालन भी किया जा रहा है। समूह की महिलाओं द्वारा धनिया, हल्दी, मिर्च की पिसाई कर मसाला उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर बाड़ी में लहलहाती सब्जी को देखकर अपने आपको खरीदारी करने से रोक नहीं पाये, यहां करेला, भिंडी और धनिया पाउडर की खरीदारी की। उन्होंने महिला समूह के द्वारा रखे गए कीमत पर खरीदारी करने के साथ ही शगुन के तौर पर 50 रूपए महिलाओं को भेंट दिया। कलेक्टर ने महिला समूह से कहा कि उनके द्वारा किया जा रहा यह सार्थक प्रयास महिलाओं को अग्रणी बनाने के लिए अच्छा कदम है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि गौठान से जुड़कर महिलाएं अच्छा प्रयास कर रही हैं। उन्होंने महिला समूह की तारीफ करते हुए कहा कि समूह में इसी तरह की गतिविधियों का संचालन नियमित रूप से जारी रखें, जिससे आय का स्रोत बना रहे।

error: Content is protected !!