किसानों के खातों में कल आएंगे तीसरी किस्त राशि

 

राजनांदगांव। राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त से दिवाली का बाजार दमकेगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कल 17 अक्टूबर को राज्यभर के किसानों को तीसरी किस्त की राशि किसानों के खाते में जमा करेंगे। राजनांदगांव सहकारी बैंक के जरिये स्थानीय किसानों के खाते में लगभग एक अरब 56 करोड़ रुपए सीधे जमा होंगे। बताया जा रहा है कि दिवाली पूर्व किसानों को मिलने वाली राशि से बाजार में व्यापारिक हलचल तेज होगी। किसानों के लिए यह राशि त्यौहार मनाने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। एक जानकारी के मुताबिक एक अरब 56 करोड़ 65 लाख रुपए किसानों के खाते में सीधे हस्तांतरित किया जाएगा।

जिला सहकारी बैंक ने राशि वितरण को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। माना जा रहा है कि 18 अक्टूबर से राशि आहरण के लिए किसानों की भीड़ भी शाखाओं में उमड़ेगी। लिहाजा किसानों को तय-समय पर उनकी राशि देने के लिए बैंक प्रबंधन ने अलग-अलग स्तर पर तैयारी की है। बताया जा रहा है कि कुल 2 लाख 11 हजार 648 पंजीकृत किसानों को उक्त योजना का लाभ मिलेगा।

राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में क्रमश: एक लाख 15 हजार 823 व 58 हजार 870 तथा 36 हजार 955 किसान न्याय योजना का फायदा ले पाएंगे। बताया जा रहा है कि बैंक प्रबंधन ने 27 शाखाओं में किसानों की राशि निकालने की व्यवस्था की है। अलग-अलग क्षेत्र के बैंक के शाखा में पहुंचकर किसान अपनी जरूरत के अनुसार राशि का आहरण करेंगे।

error: Content is protected !!