उपचुनाव: भानूप्रतापपुर में बीजेपी के 4 सदस्यीय पर्यवेक्षक दल ने ली विधानसभा स्तरीय बैठक

 

कांकेर। छत्तीसगढ़ के भानूप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव को मद्देनजर रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के 4 सदस्यीय पर्यवेक्षक दल ने यहां विधानसभा स्तरीय बैठक ली। यहां विधानसभा के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अलग-अलग चर्चा कर रायशुमारी की गई। इसके पूर्व आयोजित सभा में पर्यवेक्षक गण सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इस उपचुनाव में जी जान से जुट कर भाजपा को जिताने की बात कही। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस सरकार का अंत अब आ चुका है और इसकी शुरुआत भानूप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव से होगी। वहीं, प्रेस को संबोधित करते हुए रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की भ्रष्टाचारी सरकार अब अंतिम पड़ाव पर है। छत्तीसगढ़ की भलाई के लिए इसे हटाना बेहद आवश्यक हो गया है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अथक प्रयास कर, इस उपचुनाव में भाजपा को विजय दिलाएंगे। वहीं, विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि, अनुसूचित जनजाति वर्ग का आरक्षण कम किए जाने के मामले में कांग्रेस पूरी तरह दोषी है। कांग्रेस ने अपने 4 साल के कार्यकाल में कांग्रेस ने उच्च न्यायालय में ढुलमुल तरीके से अपना पक्ष रखा है। इसकी परिणीति यह हुई कि अनुसूचित जनजाति का आरक्षण कम कर दिया गया है। अजजा के विरुद्ध हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने वाले व्यक्ति को कांग्रेस के द्वारा पुरस्कृत किया जाना भी कांग्रेस पार्टी को इस मामले में संदेह के दायरे में खड़ा करता है।

error: Content is protected !!