कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन रायपुर में होगा फरवरी में

 

रायपुर। कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फरवरी में आयोजित होगा। नई दिल्ली में कांग्रेस की स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में यह फैसला हुआ। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पदभार संभालने के बाद रविवार को स्टीयरिंग कमेटी की पहली बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल की भारत जोड़ो पदयात्रा और राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर चर्चा हुई।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया कि मुझे बताते हुए खुशी है कि स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन रायपुर में फरवरी में होगा। यह हमारे लिए एक एतिहासिक और गौरवपूर्ण पल है। राज्य गठन के बाद पहली बार कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन रायपुर में होने जा रहा है। राष्ट्रीय अधिवेशन में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित 10 हजार से ज्यादा प्रतिनिधि शामिल होंगे।

वर्ष 2018 में कांग्रेस का 84वां अधिवेशन नई दिल्ली में आयोजित हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बतौर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हुए थे। राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि और राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि शामिल होते हैं। पिछले अधिवेशन में 261 पीसीसी प्रतिनिधि और 49 एआइसीसी प्रतिनिधि शामिल हुए थे। स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अशोक गहलोत, पी चिदंबरम, आनंद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

error: Content is protected !!