गणतंत्र दिवस की तैयारियां; जिले में जोरों से

कही मंडई मेला तो कही सांस्कृतिक आयोजन भी

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। नगर सहित जिले भर में देश का 74वां गणतंत्र दिवस विविध आयोजनों के साथ और परंपरागत ढंग से मनाये जाने की तैयारियां जोरों से चल रहीं है। जिले में इस राष्ट्रीय पर्व को मनाये जाने को लेकर लोगों में खासतौर से विद्यार्थी वर्ग में खासा उत्साह देखा जा रहा हैं। परेड,बौद्धिक-सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियां पुलिस व विद्यार्थी वर्ग में की जा रहीं हैं।

ज्ञातव्य है कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू कर इस देश को गणतांत्रिक व्यवस्था वाला देश बनाने का ढांचा तैयार किया गया था। इसी की याद ताजी करने प्रतिवर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस या रिपब्लिक डे मनाया जाता है। जिले का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय वाले इसी शहर में होगा। इस जिले से अलग होकर नये बने दो जिलों चैकी मानपुर मोहला व खैरागढ़ छुईखदान गंडई में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन का पहला अनुभव होगा। इन तीनों जिलों के मुख्य समारोहों को लेकर विस्तृत जानकारी आनी अभी शेष है। जिले में प्रत्येक शासकीय भवनों जैसे विकासखंड मुख्यालय,तहसीलमुख्यालय,विद्यालय,महाविद्यालय,नगर निगम, नगर पंचायत भवनों आदि के अलावा जिला, जनपद व ग्राम पंचायत भवनों में भी राष्ट्रध्वज फहराये जायेंगे।

शहीदों-जंबाजों को याद करते हुए गांव से लेकर राष्ट्र तक की प्र्रगति की समीक्षा चर्चा की जायेगी। मौजूदा व संभावित समस्याओं से एकजुटता से निबटने का संकल्प लिया जायेगा। विविध आयोजनों की बात करें तो शहर के श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र लखोली के दुर्गा चैक में रिकार्डिंग डांस प्रतियोगिता जय बजरंग डांस ग्रुप द्वारा आयोजित है जिसमें कई आकर्षक पुरस्कार रखे गये हैं। 26 जनवरी को ही समीपस्थ शहीद ग्राम जंगलपुर में मंडई मेले का आयोजन होगा। इससे पहले के दिनों शहीदकप खेलकूद प्रतियोगिता भी होने के समाचार हैं।

error: Content is protected !!